RAIPUR NEWS. होली की छुट्टियों में घूमने की तैयारी कर रहे पर्यटकों के लिए अहम सूचना है। नंदनवन चिड़ियाघर और जंगल सफारी को 3 मार्च से 5 मार्च 2026 तक आम दर्शकों के लिए पूर्णतः बंद रखा जाएगा। प्रबंधन ने त्योहार के दौरान संभावित भीड़ और वार्षिक मेंटेनेंस कार्य को ध्यान में रखते हुए यह फैसला लिया है। सफारी के संचालक सह वनमंडलाधिकारी द्वारा बंदी के लिए अनुमति प्रस्ताव भेजा गया था।

इसे अरुण कुमार पांडे (प्रधान मुख्य वन संरक्षक, वन्यजीव एवं मुख्य वन्यजीव प्रतिपालक, छत्तीसगढ़) ने स्वीकृति प्रदान की। जारी आदेश के मुताबिक तीनों दिनों में किसी भी पर्यटक को सफारी परिसर में प्रवेश की अनुमति नहीं दी जाएगी। प्रबंधन के अनुसार, होली के दौरान जंगल सफारी और आसपास के क्षेत्रों में भीड़भाड़ बढ़ने की संभावना रहती है।

इससे सुरक्षा व्यवस्था पर अतिरिक्त दबाव बनता है और वन्यजीव क्षेत्र को क्षति पहुंचने का जोखिम भी रहता है। साथ ही, इसी अवधि में प्रतिवर्ष आवश्यक वार्षिक रखरखाव कार्य किए जाते हैं, जिनमें बाड़ों की मरम्मत, सुरक्षा जांच और आधारभूत संरचनाओं का निरीक्षण शामिल है।

सफारी प्रशासन ने पर्यटकों से आग्रह किया है कि वे 3 दिवसीय बंदी को ध्यान में रखते हुए अपनी यात्रा योजना बनाएं। होली अवकाश के दौरान भ्रमण का कार्यक्रम तय न करें और अन्य तिथियों का चयन करें, ताकि असुविधा से बचा जा सके।

प्रबंधन ने स्पष्ट किया है कि निर्धारित अवधि पूरी होने के बाद सफारी को पूर्व निर्धारित समय-सारिणी के अनुसार पुनः खोल दिया जाएगा।


































