MUMBAI NEWS. मुंबई के वानखेड़े स्टेडियम में खेले गए हाई-स्कोरिंग सेमीफाइनल में भारत ने इंग्लैंड को 7 रन से हराकर टी-20 वर्ल्ड कप के फाइनल में जगह बना ली है। अब 8 मार्च को खिताबी मुकाबले में भारतीय टीम का सामना न्यूज़ीलैंड से होगा। मुंबई के वानखेड़े स्टेडियम में खेले गए इस रोमांचक मुकाबले में भारतीय टीम ने पहले बल्लेबाजी करते हुए 20 ओवर में 253 रन बनाए। जवाब में इंग्लैंड की टीम 246 रन ही बना सकी और मुकाबला 7 रन से हार गई। दोनों टीमों के बीच हुए इस मैच में कुल 499 रन बने, जिससे दर्शकों को बेहद रोमांचक मुकाबला देखने को मिला।

इस जीत के साथ भारतीय टीम टी-20 वर्ल्ड कप के इतिहास में चौथी बार फाइनल में पहुंच गई है। इससे पहले भारत 2007, 2014 और 2024 में फाइनल खेल चुका है। साथ ही भारत लगातार दो टी-20 वर्ल्ड कप (2024 और 2026) के फाइनल में पहुंचने वाली तीसरी टीम भी बन गया है। इससे पहले पाकिस्तान (2007, 2009) और श्रीलंका (2012, 2014) यह उपलब्धि हासिल कर चुके हैं।

5 पॉइंट में समझिए भारत की जीत
1-बड़ा स्कोर बना भारत की ताकत
भारतीय टीम ने पहले बल्लेबाजी करते हुए 20 ओवर में 253 रन का विशाल स्कोर खड़ा किया। संजू सैमसन (89), शिवम दुबे (43) और ईशान किशन (39) की पारियों ने इंग्लैंड पर शुरू से ही बड़ा दबाव बना दिया।
2-इंग्लैंड की कमजोर वापसी
254 रनों के लक्ष्य का पीछा करते हुए इंग्लैंड ने 17 ओवर में 209 रन बना लिए थे। उस समय जैकब बैथेल और सैम कर्रन क्रीज पर सेट थे और टीम को जीत के लिए सिर्फ 3 ओवर में 45 रन चाहिए थे।

3-जसप्रीत बुमराह का कसा हुआ ओवर
18वें ओवर में जसप्रीत बुमराह ने शानदार गेंदबाजी करते हुए सिर्फ 6 रन दिए। इस ओवर ने मैच का रुख बदल दिया और इंग्लैंड पर दबाव बढ़ गया।
4-हार्दिक पांड्या ने तोड़ी साझेदारी
19वें ओवर में हार्दिक पांड्या ने सैम कर्रन को आउट कर इंग्लैंड की उम्मीदों को बड़ा झटका दिया। इस ओवर में उन्होंने सिर्फ 9 रन दिए, जिससे जीत का समीकरण मुश्किल हो गया।

5- शिवम दुबे का निर्णायक विकेट
आखिरी ओवर की पहली गेंद पर शिवम दुबे ने 105 रन बना चुके जैकब बैथेल को आउट कर दिया। इसके साथ ही इंग्लैंड की जीत की उम्मीद खत्म हो गई और भारत ने मैच 7 रन से जीत लिया।




































