MATHURA NEWS. देशभर में रंगों के पर्व होली को लेकर उत्साह का माहौल है। इसी क्रम में उत्तर प्रदेश के मथुरा जिले स्थित ब्रज मंडल—जिसमें मथुरा, वृंदावन सहित जिले के प्रमुख तीर्थस्थल शामिल हैं। मथुरा में अब तक 44 लाख से अधिक श्रद्धालु पहुंच चुके हैं। अपर पुलिस अधीक्षक (ग्रामीण) सुरेश चंद्र रावत के अनुसार, ब्रज क्षेत्र में होली के विभिन्न उत्सवों में बड़ी संख्या में देश-विदेश से श्रद्धालु शामिल हो रहे हैं और उनका आगमन अभी भी जारी है।

ब्रज की होली अपने पारंपरिक और अनूठे आयोजनों के लिए प्रसिद्ध है। बरसाना में लाडली जी के दर्शन, चैत्र कृष्ण पक्ष द्वितीया को बलदेव और जाब गांव का हुरंगा, मुखराई में प्रसिद्ध चरकुला नृत्य, वृंदावन और मथुरा के विभिन्न मंदिरों में विशेष उत्सव, इन आयोजनों में बड़ी संख्या में श्रद्धालु भाग ले रहे हैं।

होली पर्व को शांतिपूर्ण और सुरक्षित ढंग से संपन्न कराने के लिए प्रशासन ने व्यापक इंतजाम किए हैं। पुलिस हुड़दंगियों पर कड़ी नजर रखे हुए है। गोवर्धन और मगोर्रा थाना क्षेत्रों में महिलाओं पर जबरन गुलाल फेंकने और हुड़दंग करने के आरोप में 24 से अधिक लोगों को गिरफ्तार कर जेल भेजा गया है।

इनमें गोवर्धन क्षेत्र से 17 और मगोर्रा क्षेत्र से 9 लोगों के खिलाफ शांतिभंग की कार्रवाई की गई है। प्रशासन का कहना है कि त्योहार के दौरान किसी भी प्रकार की अव्यवस्था बर्दाश्त नहीं की जाएगी और श्रद्धालुओं की सुरक्षा सर्वोच्च प्राथमिकता है। अनुमान है कि आगामी दिनों में पांच से छह लाख और श्रद्धालु पहुंच सकते हैं।





































