KAWARDHA NEWS. कवर्धा जिले के कुकदुर थाना क्षेत्र में सक्रिय लुटेरा गिरोह पर पुलिस ने बड़ी कार्रवाई करते हुए शिकंजा कस दिया है। लंबे समय से राहगीरों और व्यापारियों को निशाना बना रहे इस गिरोह के छह सदस्यों को गिरफ्तार किया गया है, जिनमें एक नाबालिग भी शामिल है। आरोपियों के पास से नकदी, लूट में प्रयुक्त औजार और एक मोटरसाइकिल जब्त की गई है।

पुलिस जांच में सामने आया है कि आरोपियों ने अपने गिरोह का नाम छल्ला रखा था और सभी सदस्य कुकदुर क्षेत्र के ही रहने वाले हैं। पुलिस के मुताबिक गिरोह पिछले कई महीनों से सक्रिय था। अंधेरे और सुनसान रास्तों पर राहगीरों को रोककर उनसे लूटपाट की जाती थी। स्थानीय व्यापारियों को भी निशाना बनाया जाता था। विरोध करने पर आरोपियों द्वारा जान से मारने की धमकी दी जाती थी।

हालांकि कुछ मामलों में पीड़ितों के साथ मारपीट कर गंभीर चोट पहुंचाने की घटनाएं भी सामने आई हैं। लगातार मिल रही शिकायतों के बाद पुलिस ने गिरोह की गतिविधियों पर निगरानी बढ़ाई। मुखबिर से मिली सटीक सूचना के आधार पर दबिश देकर सभी आरोपियों को पकड़ लिया गया।

जिले के पुलिस अधीक्षक धर्मेंद्र सिंह छ्वाई ने बताया कि कुकदुर बैगा बाहुल्य क्षेत्र है, जहां इस गिरोह ने भय का वातावरण बना दिया था। बाहरी लोगों और व्यापारियों को खास तौर पर निशाना बनाया जाता था। उन्होंने कहा कि आरोपियों से पूछताछ जारी है और संभावना है कि अन्य वारदातों का भी खुलासा हो सकता है।

न्यायिक रिमांड पर भेजे गए आरोपी
गिरफ्तारी के बाद सभी आरोपियों को न्यायालय में पेश कर न्यायिक रिमांड पर भेज दिया गया है। पुलिस ने क्षेत्र में गश्त बढ़ा दी है और संवेदनशील स्थानों पर विशेष निगरानी रखी जा रही है, ताकि भविष्य में इस तरह की घटनाओं की पुनरावृत्ति रोकी जा सके।



































