JASHPUR NEWS. छत्तीसगढ़ के जशपुर जिले में आज यानी 6 मार्च को एक बड़ा सड़क हादसा हो गया। तपकरा थाना क्षेत्र के गोडाअंबा गांव के पास तेज रफ्तार यात्री बस अनियंत्रित होकर पलट गई। इस हादसे में 5 लोगों की मौत हो गई, जबकि 20 से अधिक यात्री घायल बताए जा रहे हैं। इस हादसे पर दुख जताते हुए सीएम विष्णुदेव साय ने हर संभव मदद का आश्वासन दिया है। पुलिस के अनुसार यात्री बस झारखंड के कुरडेग से यात्रियों को लेकर कुनकुरी की ओर जा रही थी।

इस दौरान बस में करीब 30 यात्री सवार थे। गोडाअंबा गांव के पास अचानक चालक का वाहन से नियंत्रण हट गया और तेज रफ्तार बस सड़क किनारे पलट गई। हादसे के बाद बस में सवार यात्रियों में चीख-पुकार मच गई। कई यात्री बस के अंदर ही फंस गए। आसपास के ग्रामीण तुरंत मौके पर पहुंचे और राहत कार्य शुरू किया। ग्रामीणों ने बस में फंसे यात्रियों को बाहर निकालने में पुलिस की मदद की।

सूचना मिलते ही पुलिस की टीम तपकरा थाना से मौके पर पहुंची। इसके साथ ही करडेगा चौकी की पुलिस ने भी राहत और बचाव कार्य शुरू किया। घायलों को एम्बुलेंस और अन्य वाहनों की मदद से कुनकुरी स्थित अस्पताल पहुंचाया गया। कुछ घायलों की हालत गंभीर बताई जा रही है। तीन गंभीर मरीजों को मेडिकल कॉलेज अंबिकापुर रेफर किया गया है।

जिले के कलेक्टर रोहित व्यास और एसएसपी डॉ. लाल उमेद सिंह घटनास्थल पर पहुंचे और राहत कार्यों की निगरानी की। अधिकारियों ने घायलों को हर संभव मदद देने के निर्देश दिए हैं। पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है। शुरुआती तौर पर तेज रफ्तार और चालक का वाहन पर नियंत्रण खोना दुर्घटना की मुख्य वजह माना जा रहा है। जशपुर जिले में भीषण सड़क हादसे पर सीएम विष्णुदेव साय ने दुख जताया है। उन्होंने एक्स पर पोस्ट कर कहा है कि जशपुर जिले के दुलदुला विकासखंड के ग्राम गोडा अंबा के पास हुई बस दुर्घटना का समाचार अत्यंत दुखद और हृदय विदारक है।

सीएम ने आगे कहा, इस दुर्घटना में कई लोगों के असामयिक निधन से मन अत्यंत व्यथित है। ईश्वर से प्रार्थना है कि दिवंगत आत्माओं को शांति प्रदान करें और शोक संतप्त परिजनों को इस कठिन घड़ी को सहन करने की शक्ति दें। दुर्घटना में घायल सभी लोगों के शीघ्र स्वस्थ होने की कामना करता हूं। जिला प्रशासन को निर्देश दिए गए हैं कि घायलों के उपचार में किसी भी प्रकार की कमी न रहे। उन्हें हर संभव सहायता उपलब्ध कराई जाए।




































