RAIPUR NEWS. छत्तीसगढ़ में रायपुर-बिलासपुर मार्ग पर एक दर्दनाक सड़क हादसा हो गया। दरचूरा चौक के पास पीछे से आ रहे तेज रफ्तार ट्रक ने यात्री बस को जोरदार टक्कर मार दी। इस दुर्घटना में 5 लोगों की मौत हो गई, जबकि 21 यात्री घायल बताए जा रहे हैं। पुलिस के मुताबिक यह हादसा आज यानी 6 मार्च की सुबह करीब 11 बजे हुआ। रायपुर से बिलासपुर की ओर जा रही आरबीएस कंपनी की बस दरचूरा गांव के पास सवारी लेने के लिए धीमी हुई थी। बिलासपुर पहुंचने से पहले ही पीछे से आ रहे ट्रक (MH 37 T 1821) के चालक ने तेज गति और लापरवाही से बस को टक्कर मार दी।

टक्कर इतनी भीषण थी कि बस में सवार कई यात्री अंदर ही फंस गए और मौके पर अफरा-तफरी मच गई। हादसे में शुरुआत में 4 लोगों की मौत अस्पताल में इलाज के दौरान हुई, जिनमें एक पुरुष, दो महिलाएं और एक बच्ची शामिल हैं। चार गंभीर घायलों को रायपुर रेफर किया गया था, जिनमें से एक और व्यक्ति की मौत हो गई। इसके साथ ही मृतकों की संख्या बढ़कर 5 हो गई है।

दुर्घटना के बाद मौके पर अफरा-तफरी मच गई। आसपास के लोगों ने तुरंत राहत कार्य शुरू किया और बस में फंसे यात्रियों को बाहर निकालने में मदद की। कई यात्रियों को गंभीर चोटें आईं, जिन्हें तुरंत नजदीकी अस्पताल पहुंचाया गया।

प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार टक्कर इतनी तेज थी कि बस का पिछला हिस्सा बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया। कई यात्री सीटों से उछलकर घायल हो गए। कुछ घायलों की हालत गंभीर बताई जा रही है। टक्कर के कारण बस का पिछला हिस्सा बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया, जिससे कई यात्री सीटों के बीच फंस गए थे।

घटना की सूचना मिलते ही पुलिस की टीम मौके पर पहुंची और घायलों को अस्पताल भिजवाने के साथ ट्रैफिक व्यवस्था बहाल कराई। सिमगा पुलिस थाना प्रभारी लवकुश केवट ने बताया कि हादसे की जांच शुरू कर दी गई है। बस और ट्रक चालक से पूछताछ कर दुर्घटना के कारणों का पता लगाया जा रहा है।



































