NEW DELHI NEWS. राजधानी दिल्ली के भारत मंडपम में चल रहे AI इम्पैक्ट समिट के दौरान शुक्रवार को उस समय हंगामे की स्थिति बन गई, जब इंडियन यूथ कांग्रेस के कुछ कार्यकर्ताओं ने कार्यक्रम स्थल के भीतर प्रदर्शन किया। प्रदर्शन के दौरान कार्यकर्ताओं ने टी-शर्ट उतारकर नारेबाजी की। घटना का वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है।

पुलिस ने लिया एक्शन
दिल्ली पुलिस के अनुसार, हंगामा करने के आरोप में चार से पांच लोगों को हिरासत में लिया गया है। पुलिस यह भी जांच कर रही है कि प्रदर्शनकारी वैध पास या क्यूआर कोड के जरिए कार्यक्रम स्थल में प्रवेश किए थे या नहीं। अधिकारियों ने बताया कि इंडियन यूथ कांग्रेस के विरोध प्रदर्शन के संबंध में कानूनी कार्रवाई की जा रही है।

सामने आए वीडियो के मुताबिक प्रदर्शनकारी अमेरिका के साथ हुए नए ट्रेड समझौते के विरोध में नारे लगा रहे थे। कांग्रेस का आरोप है कि इस समझौते से भारत को अपेक्षित लाभ नहीं मिला है और सरकार ने देशहित से समझौता किया है। पार्टी पिछले कुछ समय से इस मुद्दे पर केंद्र सरकार को घेर रही है।

भाजपा ने बताया ‘शर्मनाक’
वहीं सत्तारूढ़ दल भारतीय जनता पार्टी ने इस घटना की आलोचना करते हुए इसे शर्मनाक बताया है। पार्टी ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर वीडियो साझा कर कहा कि ऐसे समय में जब भारत एक वैश्विक AI समिट की मेजबानी कर रहा है और तकनीकी नेतृत्व प्रदर्शित कर रहा है, तब इस तरह का प्रदर्शन देश की छवि को नुकसान पहुंचाने वाला है।

भाजपा ने आरोप लगाया कि यह विरोध अंतरराष्ट्रीय मंच पर भारत को असहज स्थिति में डालने वाला कदम है। हालांकि कांग्रेस की ओर से इसे लोकतांत्रिक विरोध का हिस्सा बताया जा रहा है।
फिलहाल मामले में पुलिस जांच जारी है और आगे की कानूनी प्रक्रिया पर सभी की नजर बनी हुई है।


































