DHAKA NEWS. बांग्लादेश में आम चुनाव के लिए मतदान के दौरान हिंसा की घटनाओं ने माहौल को तनावपूर्ण बना दिया। खुलना शहर के एक मतदान केंद्र के बाहर जमात-ए-इस्लामी और बांग्लादेश नेशनलिस्ट पार्टी (BNP) के कार्यकर्ताओं के बीच झड़प हो गई, जिसमें BNP नेता मोहिबुज्जमान कोच्चि की मौत हो गई। घटना के बाद दोनों दलों ने एक-दूसरे पर आरोप लगाए हैं। BNP का आरोप है कि झड़प के दौरान जमात के एक नेता ने धक्का दिया, जिससे मोहिबुज्जमान संतुलन खोकर पेड़ से टकरा गए और उनकी मौके पर ही मौत हो गई।

वहीं जमात-ए-इस्लामी की ओर से दावा किया गया कि अफरा-तफरी के बीच मोहिबुज्जमान की तबीयत बिगड़ी और उन्हें दिल का दौरा पड़ा, जिससे उनकी जान चली गई। पुलिस ने घटना की जांच शुरू कर दी है। इसी बीच मुंशीगंज-3 और गोपालगंज सदर क्षेत्रों में मतदान केंद्रों के पास देसी बम फेंके जाने की घटनाएं सामने आईं। मुंशीगंज-3 में धमाके के बाद सुरक्षा कारणों से कुछ देर के लिए मतदान रोकना पड़ा, जिसे बाद में फिर शुरू कर दिया गया।

गोपालगंज सदर में हुए धमाके में दो अंसार जवान (अर्द्धसैनिक बल) और एक 14 वर्षीय किशोरी घायल हो गई। घायलों को इलाज के लिए अस्पताल में भर्ती कराया गया है। देशभर में करीब 12.7 करोड़ मतदाता अपने मताधिकार का प्रयोग कर रहे हैं। चुनाव आयोग के मुताबिक मतदाताओं में युवाओं की हिस्सेदारी अहम मानी जा रही है, क्योंकि लगभग आधे मतदाता 18 से 37 वर्ष आयु वर्ग के हैं। इनमें करीब 45.7 लाख युवा पहली बार वोट डाल रहे हैं।

चुनाव आयोग के अनुसार दोपहर 12 बजे तक देश के 42,651 मतदान केंद्रों में से 32,789 केंद्रों पर औसतन करीब 33 प्रतिशत मतदान दर्ज किया गया। आयोग के वरिष्ठ अधिकारी अख्तर अहमद ने कहा कि अधिकांश क्षेत्रों में मतदान शांतिपूर्ण ढंग से जारी है और बड़े पैमाने पर व्यवधान की कोई पुष्टि नहीं हुई है। शिरैल कॉलोनी हाई स्कूल के मतदान केंद्र पर वीडियो रिकॉर्ड करने के आरोप में अदालत ने दो व्यक्तियों को सात दिन की जेल की सजा सुनाई है। यह घटना सुबह करीब 10:45 बजे की बताई गई है।

चुनाव आयोग ने स्पष्ट किया है कि मतदान प्रक्रिया की गोपनीयता और निष्पक्षता से समझौता करने वालों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी। हिंसा की छिटपुट घटनाओं के बावजूद प्रशासन ने सुरक्षा व्यवस्था कड़ी कर दी है और संवेदनशील इलाकों में अतिरिक्त बल तैनात किया गया है, ताकि मतदान प्रक्रिया निर्बाध रूप से पूरी कराई जा सके।


































