RAIPUR NEWS. केंद्रीय आवास एवं शहरी विकास मंत्री मनोहर लाल ने रविवार को न्यू सर्किट हाउस, सिविल लाइन रायपुर में आयोजित प्रेसवार्ता में केंद्रीय बजट 2026-27 के प्रमुख बिंदुओं की जानकारी दी। उन्होंने बताया कि इस बजट में छत्तीसगढ़ को रेलवे विकास के लिए 7,470 करोड़ रुपये का ऐतिहासिक आवंटन दिया गया है, जिससे राज्य की रेल कनेक्टिविटी और परिवहन क्षमता को उल्लेखनीय बढ़ावा मिलेगा।

केंद्रीय मंत्री ने कहा कि हवाई संपर्क को मजबूत करने के उद्देश्य से केंद्र सरकार की UDAN (उड़े देश का आम नागरिक) योजना के तहत जगदलपुर, बिलासपुर और अंबिकापुर से उड़ानें शुरू की गई हैं। इसके साथ ही रायपुर स्थित स्वामी विवेकानंद विमानतल को कृषि उड़ान योजना में शामिल किया गया है, जिससे कृषि उत्पादों के तेज और सुगम परिवहन में मदद मिलेगी।

उन्होंने यह भी बताया कि वर्ष 2014 के बाद से छत्तीसगढ़ में राष्ट्रीय राजमार्गों के विकास को प्राथमिकता दी गई है। इस दौरान राज्य में 400 किलोमीटर से अधिक लंबाई की कई प्रमुख सड़कों का निर्माण किया गया है। भारतमाला परियोजना के तहत छत्तीसगढ़ की कनेक्टिविटी सुधारने के लिए 571 किलोमीटर से अधिक के नेशनल हाईवे कॉरिडोर को मंजूरी दी गई है।

मनोहर लाल ने कहा कि केंद्र सरकार के इन प्रयासों से छत्तीसगढ़ में आधारभूत ढांचे को मजबूती मिलेगी और आर्थिक विकास को नई गति मिलेगी।



































