JAIPUR NEWS. अचानक हृदयगति रुकने (Sudden Cardiac Arrest) से मौत की घटनाओं में कोविड के बाद वृद्धि हुई है। इसमें जान गंवाने वालों में युवा अधिक हैं। इस स्थिति में जान बचाने में कार्डियोपल्मोनरी रिससिटेशन (CPR) काफी मददगार साबित हुआ है। सीपीआर के प्रति जन-जागरूकता बढ़ाने के उद्देश्य से बुधवार को सुबह 10 बजे से जयपुर के नेवटा में स्थित सेंट जेवियर्स कैंपस में कार्यक्रम आयोजित किया गया। इस कार्यक्रम में 4000 से अधिक स्कूली बच्चों समेत कुल 4317 व्यक्तियों ने कुल 2000 मानव प्रतिरूपों पर एक साथ अभ्यास कर दो गिनीज बुक वर्ल्ड रिकॉर्ड कायम किए।

पहला रिकॉर्ड एक ही जगह पर सीपीआर रिले में सर्वाधिक लोगों के भाग लेने और दूसरा रिकॉर्ड एक ही स्थान पर सर्वाधिक ह्यूमन मैनिकिन्स (मानव प्रतिरूप) पर अभ्यास करने का बना। पिछला रिकॉर्ड 3319 व्यक्तियों (29 सितंबर 2024 को बेंगलुरू में) और 278 मानव प्रतिरूप (25 मार्च 2000 को इंग्लैंड के शेफील्ड में) का था। यह कार्यक्रम जयपुर वर्ल्ड रिकॉर्ड कार्निवल के फाउंडर और सात गिनीज बुक वर्ल्ड रिकॉर्ड धारक मनमोहन अग्रवाल के नेतृत्व में और देशभर में सीपीआर डॉक्टर ऑफ इंडिया के नाम से मशहूर डॉ. वीके जैन के मार्गदर्शन में आयोजित हुआ।

गिनीज बुक की ओर से दोनों रिकॉर्ड को पंजीकृत करने के लिए राजस्थान प्रशासनिक सेवा (आरएएस) के अधिकारी और वर्तमान में सहकारिता विभाग में रजिस्ट्रार (पंजीयन) रणवीर सिंह परिहार और मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा के विशेषाधिकारी (ओएसडी) गोविंद नारायण पारीक को अधिकृत किया गया था। परिहार ने दोनों रिकॉर्ड की पुष्टि करते हुए कहा कि बच्चे सीपीआर का प्रशिक्षण लेकर देवदूत के रूप में किसी की जान बचा सकते हैं।

इस दौरान सालों की जमी-जमाई मेडिकल प्रैक्टिस छोड़कर जीवनरक्षक सीपीआर प्रशिक्षण को जन-आंदोलन का रूप देने वाले सीनियर फिजिशियन डॉ. वीके जैन ने कहा कि जिस तरह विदेश में स्कूलों में सीपीआर प्रशिक्षण अनिवार्य तौर पर लागू है, वैसे ही हमारे देश में भी होना चाहिए। मनमोहन अग्रवाल ने कहा कि यह विश्व रिकॉर्ड केवल आंकड़ों के लिए नहीं है, इसका उद्देश्य स्कूलों में सीपीआर को अनिवार्य करने की निरंतर मांग को और मजबूती से उठाना भी है।

कार्यक्रम में विशिष्ट अतिथि विश्व हिंदी साहित्य परिषद के चांसलर डॉ. एचसीएल गणेशिया ने कहा कि सीपीआर प्रशिक्षण प्रत्येक नागरिक को जीवनरक्षक बनने का अवसर प्रदान करता है। कार्यक्रम में सेवानिवृत्त आईएएस अधिकारी पुरुषोत्तम बियानी, भाजपा नेता पं. सुरेश मिश्रा, सेंट जेवियर्स कॉलेज के प्रिंसिपल डॉ. ए. स्वामी, सेंट जेवियर्स सीनियर सेकंडरी स्कूल के प्रिंसिपल डोमिनिक ए. , सेंट जेवियर्स स्कूल नेवटा के प्रिंसिपल संगीत राज सहित तीनों संस्थाओं के शिक्षक और कर्मचारी, छात्र-छात्राएं और उनके अभिभावक मौजूद रहे।





































