RAIPUR NEWS. छत्तीसगढ़ सरकार ने नवा रायपुर स्थित शहीद वीर नारायण सिंह अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट स्टेडियम को छत्तीसगढ़ स्टेट क्रिकेट संघ (CSCS) को दीर्घकालीन लीज पर सौंप दिया है। यह स्टेडियम देश का तीसरा सबसे बड़ा क्रिकेट स्टेडियम है और अब इसके प्रबंधन, उन्नयन और संचालन की जिम्मेदारी संघ के पास होगी। लीज समझौता खेल एवं युवा कल्याण विभाग और सीएससीएस के बीच हुआ है, जिसके तहत यह स्टेडियम 30 वर्षों के लिए क्रिकेट संघ को सौंपा गया है।

इस कदम से सरकारी खर्चे में कमी आएगी और बेहतर प्रबंधन के जरिए स्टेडियम की क्षमता का पूरा उपयोग हो सकेगा। शहीद वीर नारायण सिंह अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट स्टेडियम में लगभग 65,000 दर्शकों की बैठने की क्षमता है और यह भारत के सबसे बड़े क्रिकेट स्टेडियमों में से एक है।

इस स्टेडियम को 2008 में उद्घाटित किया गया था और यह 2023 से अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट मैचों की मेजबानी भी कर रहा है। स्टेडियम में अब बीसीसीआई की रोटेशन प्रणाली के तहत टेस्ट मैचों सहित वनडे और टी-20 मैचों की मेजबानी मिलने की संभावनाएं मजबूत हो गई हैं। क्योंकि रोटेशन नीति के अनुसार स्टेडियम का संचालन राज्य क्रिकेट संघ के नियंत्रण में होने पर ही टेस्ट मैच आयोजन का अवसर मिलता है।

लीज के तहत छत्तीसगढ़ स्टेट क्रिकेट संघ स्टेडियम के उन्नयन, रख-रखाव और विश्व स्तरीय सुविधाओं को सुनिश्चित करेगा, जिससे यहां अंतरराष्ट्रीय और घरेलू दोनों स्तर के मैचों का आयोजन बढ़ सके। वर्तमान में स्टेडियम में पहले ही भारत और अन्य देशों के बीच वनडे और टी-20 मैच खेले जा चुके हैं।

इस बदलाव के बाद प्रदेश में क्रिकेट प्रेमियों को बड़े खेल आयोजनों का अनुभव मिलने की उम्मीद बढ़ गई है और युवा खिलाड़ियों को राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय मंच पर खेल प्रदर्शन के मौके भी मिल सकते हैं।




































