RAIPUR NEWS. प्रदेश के सरकारी स्कूलों में शिक्षकों की कमी दूर करने के लिए स्कूल शिक्षा विभाग बड़े पैमाने पर भर्ती प्रक्रिया शुरू करने जा रहा है। सहायक शिक्षक, शिक्षक, व्याख्याता और सहायक शिक्षक विज्ञान (प्रयोगशाला) समेत कुल 5000 पदों पर सीधी भर्ती का विज्ञापन जल्द जारी किया जाएगा। इस भर्ती के लिए राज्य सरकार ने परीक्षा आयोजन की जिम्मेदारी छत्तीसगढ़ व्यावसायिक परीक्षा मंडल (व्यापम) को सौंपी है।

विभाग द्वारा विज्ञापन से संबंधित सभी औपचारिकताएं पूरी कर आवश्यक दस्तावेज व्यापम को उपलब्ध करा दिए गए हैं। विस्तृत दिशा-निर्देश और परीक्षा कार्यक्रम शीघ्र जारी किए जाएंगे। सरकार की योजना के अनुसार सीधी भर्ती की प्रक्रिया फरवरी 2026 से शुरू की जाएगी। चयन लिखित परीक्षा के माध्यम से होगा। इस कदम को राज्य के स्कूलों में लंबे समय से खाली पड़े पदों को भरने की दिशा में अहम माना जा रहा है।

भर्ती में व्याख्याता, शिक्षक, सहायक शिक्षक और प्रयोगशाला सहायक जैसे विभिन्न पद शामिल हैं। इससे अलग-अलग शैक्षणिक योग्यता वाले अभ्यर्थियों को आवेदन का मौका मिलेगा। सरकार का कहना है कि इससे न केवल हजारों युवाओं को रोजगार मिलेगा, बल्कि प्रदेश की शिक्षा व्यवस्था भी मजबूत होगी।

विभाग ने जानकारी दी है कि शिक्षक सीधी भर्ती 2023 की प्रक्रिया पूरी कर ली गई है। पांचवें चरण में माननीय न्यायालय के निर्देशानुसार सेवा समाप्त किए गए 2621 बी.एड. अभ्यर्थियों के स्थान पर डी.एड. योग्यताधारी अभ्यर्थियों को नियुक्ति का अवसर दिया गया है।

स्कूल शिक्षा विभाग के इस फैसले से उम्मीद है कि प्रदेश के सरकारी स्कूलों में शिक्षण व्यवस्था में सुधार होगा और छात्रों को बेहतर शैक्षणिक वातावरण मिल सकेगा।































