RAJIM NEWS. छत्तीसगढ़ के गरियाबंद जिले में आयोजित राजिम कुंभ कल्प मेले में अव्यवस्थाओं को लेकर राजिम विधायक रोहित साहू का गुस्सा फूट पड़ा। कलाकारों के साथ हुए दुर्व्यवहार और बुनियादी सुविधाओं के अभाव को देखते हुए विधायक ने जिला प्रशासन और इवेंट कंपनी के अधिकारियों को जमकर फटकार लगाई।

घटनाक्रम के अनुसार मुख्य मंच पर प्रस्तुति देने आए कलाकारों को कार्यक्रम समाप्त होने के बाद करीब डेढ़ घंटे तक बैठाए रखा गया। उन्हें भोजन और पानी तक उपलब्ध नहीं कराया गया। इसकी जानकारी मिलते ही विधायक रोहित साहू तुरंत मौके पर पहुंचे और अधिकारियों से जवाब तलब किया।

विधायक ने अधिकारियों को कड़ी चेतावनी देते हुए कहा आप लोग सरकार की इमेज की धनिया बो रहे हैं, शासन की बेइज्जती हो रही है। उन्होंने स्पष्ट किया कि राजिम कुंभ आस्था और संस्कृति का प्रतीक है और इसकी गरिमा से खिलवाड़ करने वालों को बख्शा नहीं जाएगा। जब विधायक फटकार लगा रहे थे, तब अधिकारी असहज होकर अगल-बगल झांकते नजर आए।

विधायक ने खुद कराया कलाकारों को भोजन
अधिकारियों की लापरवाही देख विधायक रोहित साहू सभी कलाकारों को अपने साथ एक निजी रेस्टोरेंट लेकर गए और उन्हें सम्मानपूर्वक भोजन कराया। उन्होंने कहा कि कलाकारों का सम्मान सर्वोपरि है और भविष्य में ऐसी लापरवाही दोबारा बर्दाश्त नहीं की जाएगी।

उल्लेखनीय है कि 7 फरवरी को भी पत्रकारों और नागरिकों ने इवेंट कंपनी पर अभद्र व्यवहार और मनमानी के आरोप लगाए थे। विधायक के निर्देश के बावजूद अगले ही दिन 8 फरवरी को फिर से अव्यवस्था का यह गंभीर मामला सामने आया, जिससे अब जिला प्रशासन और इवेंट कंपनी की कार्यप्रणाली पर सवाल खड़े हो रहे हैं।


































