GARIYABAND NEWS. गरियाबंद जिला के राजिम थाना क्षेत्र में उस वक्त सनसनी फैल गई, जब श्यामनगर–देवरी मार्ग के पास नहर किनारे झाड़ियों में एक युवती का शव बरामद किया गया। बीते कुछ दिनों से इलाके में दुर्गंध की शिकायतें मिल रही थीं। सोमवार सुबह ग्रामीणों ने बदबू के स्रोत की तलाश की तो नहर किनारे सड़ी-गली हालत में शव दिखाई दिया। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची, क्षेत्र की घेराबंदी की और जांच शुरू कर दी।

थाना प्रभारी अमृत साहू ने बताया कि प्राथमिक जांच में मृतका की पहचान टिकरापारा निवासी चंचल साहू के रूप में हुई है। परिजनों के मुताबिक युवती 30 जनवरी से बिना बताए घर से लापता थी और उसकी गुमशुदगी की रिपोर्ट पहले ही थाने में दर्ज कराई जा चुकी थी।
शव की स्थिति को देखते हुए मौत को संदिग्ध माना जा रहा है। हालांकि पुलिस ने फिलहाल किसी निष्कर्ष पर पहुंचने से इनकार किया है। पोस्टमार्टम और फॉरेंसिक रिपोर्ट के बाद ही मौत के कारणों का स्पष्ट खुलासा हो सकेगा।

घटनास्थल पर फॉरेंसिक टीम और डॉग स्क्वॉड को बुलाकर साक्ष्य जुटाए जा रहे हैं। मृतका के कॉल डिटेल रिकॉर्ड और उसके संपर्कों की भी जांच की जा रही है। पुलिस स्थानीय लोगों से पूछताछ कर यह जानने की कोशिश कर रही है कि युवती को आखिरी बार किसके साथ देखा गया था।

घटना के बाद क्षेत्र में भय और आक्रोश का माहौल है। ग्रामीणों ने मामले की शीघ्र जांच और दोषियों पर सख्त कार्रवाई की मांग की है। पुलिस का कहना है कि सभी पहलुओं को ध्यान में रखते हुए जांच की जा रही है और जल्द ही मामले का खुलासा किया जाएगा।

लड़का पहले ही कर चुका है आत्महत्या
बता दें, इस मामले में लड़की जिस कथित प्रेमी के साथ निकली थी वो पहले ही 2 फरवरी को आत्महत्या कर चुका है। इसके बाद से ही लड़की की तलाश की जा रही थी। पुलिस भी तलाश में थी कि लड़की आखिर किसके साथ है लेकिन आज उसकी लाश मिली है।


































