BIJAPUR NEWS. नक्सल मोर्चे पर सुरक्षाबलों को एक और बड़ी बढ़त मिली है। छत्तीसगढ़ के नक्सल प्रभावित बीजापुर जिले में चल रहे एंटी-नक्सल ऑपरेशन के दौरान सुरक्षाबलों ने जंगलों में नक्सलियों की मौजूदगी पर निर्णायक चोट की है। पेद्दागेलूर इलाके में हुई मुठभेड़ में एक शीर्ष नक्सली कमांडर के मारे जाने की खबर सामने आई है, जिससे संगठन को बड़ा झटका माना जा रहा है।

जानकारी के मुताबिक, पेद्दागेलूर के घने जंगल क्षेत्र में डीआरजी (डिस्ट्रिक्ट रिजर्व गार्ड) और सीआरपीएफ की कोबरा बटालियन की संयुक्त टीम सर्च ऑपरेशन पर निकली थी। इसी दौरान नक्सलियों ने सुरक्षाबलों पर फायरिंग शुरू कर दी। जवाबी कार्रवाई में मुठभेड़ हुई, जो काफी देर तक चलती रही। मुठभेड़ स्थल से एक ऑटोमेटिक AK-47 राइफल और एक नक्सली का शव बरामद किया गया है। प्रारंभिक जानकारी में मारे गए नक्सली की पहचान कमांडर उधम सिंह के रूप में बताई जा रही है।

बीजापुर एसपी डॉ. जितेन्द्र यादव ने मुठभेड़ की पुष्टि करते हुए बताया कि इलाके में अभी भी सर्च ऑपरेशन जारी है। पूरे क्षेत्र की घेराबंदी कर अन्य नक्सलियों की मौजूदगी और संभावित ठिकानों की तलाश की जा रही है। सुरक्षा कारणों से फिलहाल विस्तृत जानकारी साझा नहीं की गई है। ऑपरेशन पूरा होने के बाद आधिकारिक बयान जारी किया जाएगा।

सुरक्षा एजेंसियों का मानना है कि इस कार्रवाई से नक्सल नेटवर्क की स्थानीय कमान कमजोर पड़ेगी। बीते कुछ समय से बीजापुर और आसपास के इलाकों में सुरक्षाबलों की सक्रियता बढ़ी है और लगातार इंटेलिजेंस-आधारित ऑपरेशन चलाए जा रहे हैं। प्रशासन का दावा है कि नक्सल विरोधी अभियान में तेजी लाकर प्रभावित इलाकों में सुरक्षा व्यवस्था मजबूत की जा रही है, ताकि ग्रामीणों को भयमुक्त माहौल मिल सके।




































