MANEDRAGARH NEWS. मनेंद्रगढ़ में आयोजित अमृतधारा महोत्सव के दौरान शुक्रवार को उस समय असहज स्थिति बन गई, जब नगरपालिका अध्यक्ष प्रतिमा यादव और उनके पति विधायक प्रतिनिधि सरजू यादव कार्यक्रम से नाराज होकर बाहर निकल गए। घटना के बाद कुछ देर तक कार्यक्रम स्थल पर अफरा-तफरी और तनाव का माहौल रहा।

प्राप्त जानकारी के अनुसार, महोत्सव में जनप्रतिनिधियों और अतिथियों की उपस्थिति में मंचीय कार्यक्रम जारी था। इस दौरान मंच से विधायक प्रतिनिधि सरजू यादव का नाम पुकारा गया, लेकिन नगरपालिका अध्यक्ष प्रतिमा यादव का नाम घोषित नहीं किया गया। बताया जा रहा है कि नाम पुकारे जाने के बावजूद सरजू यादव मंच पर नहीं गए और इसके बाद दोनों कार्यक्रम स्थल से बाहर चले गए।

विवाद का एक अन्य कारण कार्यक्रम स्थल पर वाहन रोके जाने की घटना भी बताया जा रहा है। विधायक प्रतिनिधि सरजू यादव के अनुसार, सुरक्षा व्यवस्था के तहत पुलिस ने प्रवेश द्वार पर बैरिकेडिंग की थी। इसी दौरान उनका वाहन भी रोक दिया गया। आरोप है कि वाहन पर नेम प्लेट लगी होने और परिचय देने के बावजूद उन्हें आगे जाने की अनुमति नहीं दी गई।

बताया जाता है कि बार-बार रोके जाने से नाराज होकर सरजू यादव ने गुस्से में वाहन पर लगा नगरपालिका अध्यक्ष का बोर्ड हटाकर कार्यक्रम स्थल की ओर फेंक दिया। इस घटना के बाद वहां मौजूद लोगों के बीच चर्चा का माहौल बन गया।

हालांकि, पुलिस और आयोजन समिति के सदस्यों ने स्थिति को संभालने का प्रयास किया। कुछ देर बाद दोनों जनप्रतिनिधि कार्यक्रम स्थल से रवाना हो गए।




































