KHAIRAGARH NEWS. खैरागढ़ में शुक्रवार को एक केमिकल फैक्ट्री में भीषण आग लगने से हड़कंप मच गया। जालबांधा क्षेत्र में शनि मंदिर के पास स्थित फैक्ट्री से उठती आग की ऊंची लपटें और काले धुएं का गुबार दूर-दूर तक दिखाई दिया। स्थानीय लोगों ने तुरंत दमकल विभाग को सूचना दी, जिसके बाद फायर ब्रिगेड की टीम मौके पर पहुंची और आग बुझाने का अभियान शुरू किया।

प्रारंभिक जानकारी के अनुसार, फैक्ट्री में मौजूद रासायनिक पदार्थों के कारण आग ने तेजी से विकराल रूप ले लिया, जिससे आसपास के इलाके में धुआं फैल गया। प्रशासन ने एहतियातन लोगों को सुरक्षित दूरी बनाए रखने की सलाह दी है। आग लगने के कारणों का फिलहाल पता नहीं चल पाया है। अधिकारियों के मुताबिक, शुरुआती जांच में शॉर्ट सर्किट या अन्य स्पष्ट कारण सामने नहीं आया है। राहत की बात यह है कि अब तक किसी के हताहत होने की सूचना नहीं है। प्रशासन और पुलिस की टीम मौके पर मौजूद रहकर स्थिति पर नजर बनाए हुए है।

इधर, बिलासपुर जिले के तिफरा इंडस्ट्रियल एरिया में भी भीषण आगजनी की घटना सामने आई है। यहां स्थित अनव इंडस्ट्री नामक फैक्ट्री में आग लग गई, जो पेंट और पुट्टी निर्माण का कार्य करती है। आग इतनी तेज थी कि पूरी इमारत उसकी चपेट में आ गई। सूचना मिलते ही दमकल की कई गाड़ियां मौके पर पहुंचीं और आग पर काबू पाने के प्रयास जारी हैं।

स्थानीय प्रशासन ने एहतियातन आसपास के क्षेत्र को खाली कराना शुरू कर दिया है। फिलहाल इस घटना में भी किसी के हताहत होने की पुष्टि नहीं हुई है। आग लगने के वास्तविक कारणों की जांच की जा रही है। लगातार हो रही इन दो बड़ी आगजनी की घटनाओं ने औद्योगिक सुरक्षा व्यवस्था पर सवाल खड़े कर दिए हैं।




































