RAIPUR NEWS. छत्तीसगढ़ शासन ने प्रशासनिक व्यवस्था में व्यापक बदलाव करते हुए भारतीय प्रशासनिक सेवा (IAS) अधिकारियों के तबादले और अतिरिक्त प्रभार संबंधी आदेश जारी किए हैं। इस फेरबदल के तहत कई अधिकारियों को नई जिम्मेदारियां दी गई हैं, जबकि कुछ को उनके वर्तमान पदों पर यथावत रखा गया है।
सबसे महत्वपूर्ण बदलाव बलौदाबाजार-भाटापारा जिले में किया गया है। यहां के कलेक्टर दीपक सोनी को केंद्रीय प्रतिनियुक्ति के लिए कार्यमुक्त कर दिया गया है। उनकी जगह 2014 बैच के आईएएस कुलदीप शर्मा को नया कलेक्टर नियुक्त किया गया है। कुलदीप शर्मा अब तक रजिस्ट्रार, सहकारी संस्थाएं एवं छत्तीसगढ़ वेयरहाउसिंग कॉर्पोरेशन के प्रबंध संचालक के रूप में कार्यरत थे।

वहीं 2006 बैच के आईएएस डॉ. सी.आर. प्रसन्ना को उनके वर्तमान दायित्वों के साथ आयुक्त, सहकारिता एवं रजिस्ट्रार, सहकारी समितियां का अतिरिक्त प्रभार सौंपा गया है। तीर्थराज अग्रवाल को योजना, आर्थिक एवं सांख्यिकी विभाग में उप सचिव नियुक्त करते हुए धर्मस्व एवं धार्मिक न्यास विभाग का अतिरिक्त दायित्व दिया गया है।

लीना कोसम को लोक सेवा आयोग, नवा रायपुर में परीक्षा नियंत्रक बनाया गया है। इस पद को वरिष्ठ वेतनमान के समकक्ष घोषित किया गया है। वहीं आशीष कुमार टिकारिहा को छत्तीसगढ़ वेयरहाउसिंग कॉर्पोरेशन का नया प्रबंध संचालक नियुक्त किया गया है।

इसके अलावा सौमिल रंजन चौबे, वीरेंद्र बहादुर पंचभाई, सुमित अग्रवाल, संदीप कुमार अग्रवाल और ऋषभ कुमार पाराशर को उनके वर्तमान पदों पर ही बनाए रखा गया है। तरुण कुमार किरण को अस्थायी रूप से विशेष कर्तव्यस्थ अधिकारी, कलेक्टर कार्यालय कोरबा में पदस्थ किया गया है। इस पद को भी वरिष्ठ वेतनमान के समकक्ष माना जाएगा।

सरकार के इस निर्णय को प्रशासनिक कार्यप्रणाली को और अधिक प्रभावी एवं सुव्यवस्थित बनाने की दिशा में अहम कदम माना जा रहा है।




































