RAIPUR NEWS. रायपुर जिले के शहर और आसपास के इलाकों में ज्वेलरी दुकानों तथा सूने मकानों को निशाना बनाने वाले शातिर गिरोह का पुलिस ने पर्दाफाश किया है। एंटी क्राइम एंड साइबर यूनिट (एसीसीयू) की कार्रवाई में हिस्ट्रीशीटर संजय नेताम उर्फ गोलू सहित कुल सात आरोपियों को गिरफ्तार किया गया है। गिरफ्तार आरोपियों में एक विधि के साथ संघर्षरत बालक भी शामिल है। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से सोने-चांदी के जेवरात, नगदी और मोटरसाइकिल समेत करीब 28 लाख रुपये का माल बरामद किया है।

पुलिस के मुताबिक गिरोह के सदस्य सोशल मीडिया रील्स देखकर चोरी के नए-नए तरीके सीखते थे। इसके बाद वे ज्वेलरी दुकानों में ग्राहक बनकर पहुंचते, लॉकेट या मंगलसूत्र देखने के बहाने जेवर हाथ में लेते और मौका मिलते ही फरार हो जाते थे। वहीं, सूने मकानों की पहले रेकी की जाती और ताला तोड़कर लाखों की चोरी को अंजाम दिया जाता था।
गिरोह खम्हारडीह, डी.डी. नगर, पुरानी बस्ती, पंडरी, विधानसभा, आरंग और बलौदा बाजार जिले के पलारी क्षेत्र में सक्रिय था। खम्हारडीह और डी.डी. नगर में सूने मकानों से लाखों रुपये के जेवरात और नगदी चोरी की गई थी। पुरानी बस्ती में भी घर का ताला तोड़कर लॉकर से सोना-चांदी और नकदी पार की गई।

आरंग और पलारी में आरोपियों ने ज्वेलरी दुकानों को निशाना बनाया। ग्राहक बनकर पहुंचे आरोपी ने सोने के लॉकेट दिखाने के दौरान जेवर चोरी किए और साथी के साथ बाइक से फरार हो गया। पंडरी क्षेत्र से एक मोटरसाइकिल चोरी की गई, जबकि विधानसभा क्षेत्र में शादी समारोह में गए परिवार के सूने घर का ताला तोड़कर जेवरात और नगदी चोरी की वारदात को अंजाम दिया गया।

लगातार बढ़ती चोरी की घटनाओं को देखते हुए पुलिस उपायुक्त (क्राइम एवं साइबर), पुलिस उपायुक्त (नार्थ जोन) और पुलिस उपायुक्त (पश्चिम क्षेत्र) के निर्देशन में एसीसीयू और संबंधित थानों की छह टीमों का गठन किया गया। टीमों ने घटनास्थलों का निरीक्षण कर सीसीटीवी फुटेज खंगाले, मुखबिर तंत्र सक्रिय किया और हाल ही में जेल से छूटे अपराधियों की जानकारी जुटाई। तकनीकी विश्लेषण और डाटाबेस की मदद से आरोपियों की पहचान कर उन्हें गिरफ्तार किया गया।
खम्हारडीह और डी.डी. नगर के मामलों में गिरफ्तार संजय नेताम उर्फ गोलू थाना सिविल लाइन का हिस्ट्रीशीटर है, जिसके खिलाफ पूर्व में भी कई आपराधिक मामले दर्ज हैं। उसके कब्जे से करीब 18 लाख रुपये का माल जब्त किया गया। पुरानी बस्ती के मामले में दो आरोपियों से लगभग दो लाख रुपये के जेवरात और नगदी बरामद हुई। आरंग, पंडरी और पलारी से जुड़े मामलों में तीन आरोपियों और एक नाबालिग से करीब पांच लाख रुपये का माल जब्त किया गया। वहीं विधानसभा क्षेत्र के प्रकरण में एक अन्य आरोपी से लगभग तीन लाख रुपये के जेवरात और नगदी बरामद की गई।

पुलिस ने सभी आरोपियों के खिलाफ संबंधित धाराओं में मामला दर्ज कर उन्हें न्यायालय में पेश किया है। अधिकारियों का कहना है कि शहर में सक्रिय अन्य गिरोहों की भी जांच जारी है और चोरी की घटनाओं पर प्रभावी अंकुश लगाने के लिए विशेष अभियान चलाया जा रहा है।



































