DEHRADUN NEWS. हिमालय की ऊंचाइयों में स्थित विश्वप्रसिद्ध श्री केदारनाथ मंदिर के कपाट इस साल 22 अप्रैल को प्रातः 8 बजे वृषभ लग्न में श्रद्धालुओं के लिए खोले जाएंगे। इसके साथ ही चारधाम यात्रा का प्रमुख चरण शुरू होगा और अगले छह माह तक बाबा केदार की पूजा-अर्चना धाम में ही संपन्न होगी। बता दें कि केदारनाथ धाम हर साल लाखों की संख्या में भक्त पहुंचते हैं।

कपाट खुलने की तिथि और शुभ मुहूर्त का निर्धारण महाशिवरात्रि पर्व पर पंचकेदार गद्दीस्थल ओंकारेश्वर मंदिर ऊखीमठ में वैदिक विधि-विधान और पंचांग गणना के आधार पर किया गया। वेदपाठी आचार्यों ने विशेष अनुष्ठान के बाद शुभ समय घोषित किया।

18 अप्रैल को ऊखीमठ में भगवान भैरवनाथ की पूजा-अर्चना कर यात्रा की मंगलकामना की जाएगी। 19 अप्रैल को पंचमुखी चल उत्सव विग्रह डोली ओंकारेश्वर मंदिर से केदारनाथ धाम के लिए रवाना होगी। डोली फाटा और गौरीकुंड में रात्रि विश्राम के बाद 21 अप्रैल को केदारनाथ पहुंचेगी। अगले दिन विधिवत पूजा के साथ कपाट श्रद्धालुओं के लिए खोल दिए जाएंगे।

इस वर्ष केदारनाथ यात्रा कुल 204 दिनों तक चलेगी। यात्राकाल में मुख्य पुजारी के रूप में एमटी गंगाधर पूजा-अर्चना की जिम्मेदारी संभालेंगे। प्रशासन और मंदिर समिति ने यात्रा को सुचारु और सुरक्षित बनाने के लिए तैयारियां शुरू कर दी हैं।
चारधाम और पंचकेदार में प्रमुख माने जाने वाले केदारनाथ धाम में हर वर्ष लाखों श्रद्धालु दर्शन के लिए पहुंचते हैं। कपाट खुलने की तिथि घोषित होते ही तीर्थयात्रियों में उत्साह बढ़ गया है।































