RAIPUR NEWS. छत्तीसगढ़ विधानसभा के आगामी बजट सत्र में पूर्व मंत्री कवासी लखमा (Kawasi Lakhma) शामिल हो सकेंगे। उच्च न्यायालय से अंतरिम जमानत मिलने के बाद विधानसभा अध्यक्ष Raman Singh ने निर्धारित शर्तों के साथ उन्हें सत्र में उपस्थिति की अनुमति दी है। विधानसभा अध्यक्ष ने प्रेस कॉन्फ्रेंस में जानकारी दी कि बजट सत्र 23 फरवरी से प्रारंभ होकर 20 मार्च तक चलेगा। पहले दिन राज्यपाल के अभिभाषण से सत्र की शुरुआत होगी। 24 फरवरी को वित्त मंत्री बजट पेश करेंगे, जबकि 25 फरवरी को अभिभाषण पर चर्चा की जाएगी।

शराब घोटाला मामले में एक वर्ष बाद जेल से रिहा हुए कवासी लखमा को 3 फरवरी को उच्च न्यायालय से अंतरिम जमानत मिली थी। इसके बाद विधानसभा सचिवालय से अभिमत मांगा गया और प्रक्रिया पूरी होने पर उन्हें सत्र में भाग लेने की सशर्त अनुमति दी गई। बजट सत्र को लेकर राजनीतिक हलचल तेज है और लखमा की सशर्त वापसी को सत्र के दौरान अहम माना जा रहा है।

निर्धारित शर्तों के अनुसार लखमा को विधानसभा में आने-जाने की जानकारी सचिवालय को देनी होगी। वे अपने निवास क्षेत्र का दौरा नहीं करेंगे और नो स्पीच निर्देश का कड़ाई से पालन करेंगे। उनकी उपस्थिति केवल सदन की कार्यवाही तक सीमित रहेगी। यदि नियमों का उल्लंघन हुआ तो अनुमति तत्काल प्रभाव से रद्द की जा सकती है।

इस शर्तों के साथ मिली अनुमित
आने और जाने की जानकारी विधानसभा सचिव को देनी होगी।
वे अपने निवास क्षेत्र का दौरा नहीं करेंगे। कड़ाई से अपनी नो स्पीच का पालन करेंगे।
उनकी उपस्थिति केवल सत्र में ही रहेगी। यदि उन्होंने इन नियमों का पालन नहीं किया, तो उनकी अनुमति तत्काल प्रभाव से रद्द कर दी जाएगी।
बजट सत्र के अन्य विषयों की चर्चा में वे भाग ले सकते हैं, लेकिन अपने ऊपर चल रहे केस के संबंध में कोई चर्चा नहीं करेंगे।
सदस्यों को इसकी जानकारी है और यह मामला न्यायालय में होने के कारण कोई भी इस पर चर्चा नहीं करेगा।




































