JAGDALPUR NEWS. नव वर्ष के पहले ही माह जनवरी में जगदलपुर और आसपास के क्षेत्रों में सड़क सुरक्षा की स्थिति चिंताजनक रूप से बिगड़ गई है। उपलब्ध आंकड़ों के अनुसार, केवल एक महीने में लगभग 50 सड़क दुर्घटनाएं दर्ज की गईं, जिनमें 20 लोगों की मौत हो गई, जबकि 40 से अधिक लोग घायल हुए हैं।

राष्ट्रीय राजमार्ग 30 सहित प्रमुख मार्गों पर रोजाना हो रहे हादसे लोगों की लापरवाही, अनियंत्रित गति और यातायात नियमों की अनदेखी की ओर इशारा करते हैं। तेज रफ्तार और असावधानी के कारण सड़कों पर जानलेवा स्थितियां लगातार बन रही हैं।

जनवरी माह में हुई कुछ बड़ी घटनाओं ने सड़क सुरक्षा व्यवस्था पर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं। कोंडागांव जिले के बनियागांव से दंतेवाड़ा दर्शन के लिए निकले तीन युवकों की बाइक आसना चौक के पास दूसरी बाइक से टकरा गई। इस दर्दनाक हादसे में जागेश्वर और श्रीराम नामक दो युवकों की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि तीसरा युवक गंभीर रूप से घायल हो गया।

इसी तरह धरमपुरा के पास दो बाइकों की आमने-सामने भिड़ंत में दो युवकों ने अपनी जान गंवा दी। वहीं, एक अन्य घटना में तेज रफ्तार स्कार्पियो ने बाइक सवार को टक्कर मार दी, जिससे उसकी मौत हो गई।

लगातार बढ़ रहे हादसे इस बात का संकेत हैं कि बड़े वाहनों के साथ-साथ दोपहिया चालकों की लापरवाही भी दुर्घटनाओं का प्रमुख कारण बन रही है। सड़क सुरक्षा के प्रति जागरूकता, नियमों का कड़ाई से पालन और यातायात नियंत्रण की प्रभावी व्यवस्था ही इन घटनाओं पर अंकुश लगा सकती है।



































