KORBA NEWS. छत्तीसगढ़ के कोरबा जिले के कटघोरा थाना क्षेत्र से दिल दहला देने वाली घटना सामने आई है। यहाँ एक पति ने अपनी पत्नी की फावड़े से वार कर बेरहमी से हत्या कर दी। हत्या की मुख्य वजह शादी के 18 साल बाद भी संतान न होना और पत्नी के चरित्र पर संदेह करना बताया जा रहा है। पुलिस ने आरोपी पति को गिरफ्तार कर लिया है।

जानकारी के अनुसार, कटघोरा के ढेलवाडीह गायत्री बस्ती निवासी तुलसी यादव (37), जो पेशे से किसान है, की शादी 18 वर्ष पूर्व रंजना यादव (35) के साथ हुई थी। लंबे समय के बाद भी संतान सुख न मिलने के कारण दंपति के बीच अक्सर विवाद होता रहता था। इसके साथ ही आरोपी तुलसी अपनी पत्नी के चरित्र पर भी संदेह करता था, जिससे घर में तनाव का माहौल रहता था।

मेले से लौटने के बाद हुआ विवाद
बताया जा रहा है कि हाल ही में रंजना अपने मायके में मेला देखने गई थी, जहाँ तुलसी भी पहुँचा था। वहां से लौटने के बाद रविवार शाम को दोनों के बीच पुरानी बातों को लेकर फिर से झगड़ा शुरू हो गया। देखते ही देखते विवाद इतना बढ़ गया कि आवेश में आकर तुलसी ने पास रखे फावड़े से रंजना के सिर और चेहरे पर ताबड़तोड़ हमला कर दिया। हमले के बाद रंजना लहूलुहान होकर वहीं गिर पड़ी और आरोपी मौके से फरार हो गया।

अस्पताल पहुँचने से पहले तोड़ा दम
चीख-पुकार सुनकर परिवार के अन्य सदस्य जब मौके पर पहुँचे, तो रंजना को खून से लथपथ पाया। परिजन उसे तुरंत सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र ले गए, जहाँ डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया। घटना की सूचना मिलते ही कटघोरा थाना पुलिस मौके पर पहुँची और शव का पंचनामा कर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया।

पुलिस की कार्रवाई
पुलिस ने मामले में तत्परता दिखाते हुए फरार आरोपी की तलाश शुरू की और सोमवार को उसे गिरफ्तार कर लिया गया। पुलिस के अनुसार, आरोपी ने अपना जुर्म स्वीकार कर लिया है। मामले में हत्या का केस दर्ज कर आगे की वैधानिक कार्रवाई की जा रही है।



































