KONDAGAON NEWS. किसानों की फसल बचाने की जद्दोजहद गुस्से के विस्फोट में बदल गई। छत्तीसगढ़ के कोंडागांव जिला के कोकोड़ी गांव में स्थित मां दंतेश्वरी मक्का प्रसंस्करण प्लांट पर सैकड़ों ग्रामीणों ने धावा बोल दिया। आरोप है कि प्लांट से निकलने वाला तरल अपशिष्ट खेतों तक पहुंच रहा है, जिससे फसलें बर्बाद हो रही हैं। लंबे समय से शिकायतों पर कार्रवाई न होने से नाराज ग्रामीणों का सब्र टूट गया और मामला हिंसक रूप ले बैठा और 12 फरवरी की देर रात करीब 700–800 ग्रामीण प्लांट परिसर में घुस गए और वहां खड़ी कार, ट्रैक्टर समेत कई वाहनों में तोड़फोड़ कर दी।

प्रारंभिक आकलन के अनुसार इस हमले में 10 से 20 लाख रुपये तक के नुकसान की आशंका जताई जा रही है। सूचना मिलते ही पुलिस और प्रशासनिक अमला मौके पर पहुंचा। एहतियातन प्लांट के बाहर अतिरिक्त पुलिस बल तैनात किया गया है, हालांकि क्षेत्र में अब भी तनावपूर्ण माहौल बना हुआ है। प्लांट पहुंचे महाराष्ट्र के एक ड्राइवर ने बताया कि हमले के दौरान उसने जंगल में छिपकर जान बचाई। ग्रामीणों के आक्रोश के चलते रातभर प्लांट को चारों ओर से घेराव में रखा गया और बाहरी लोगों की आवाजाही रोक दी गई। हालात इतने बिगड़े कि कुछ समय के लिए पुलिस को भी पीछे हटना पड़ा।

ग्रामीणों का कहना है कि प्लांट से निकलने वाला तरल अपशिष्ट उनके खेतों में पहुंच रहा है, जिससे मक्का सहित अन्य फसलें प्रभावित हो रही हैं। किसानों का दावा है कि उन्होंने इस समस्या को लेकर पहले भी प्रशासन को आवेदन दिए थे, लेकिन कोई ठोस कार्रवाई नहीं हुई। इसी उपेक्षा से नाराज होकर ग्रामीणों ने सामूहिक रूप से प्लांट का घेराव किया, जो बाद में हिंसक घटना में बदल गया।

ग्रामीणों ने प्लांट प्रबंधन, खासकर एमडी विनोद खन्ना की भूमिका पर सवाल उठाए हैं। आरोप है कि नियमित निगरानी और स्थानीय स्तर पर त्वरित समाधान की व्यवस्था नहीं होने से समस्या लगातार बढ़ती रही। ग्रामीणों का यह भी कहना है कि अधिकारी रायपुर से कभी-कभार निरीक्षण के लिए आते हैं, जिससे जमीनी समस्याओं का समय पर समाधान नहीं हो पाता।

प्रशासन ने पूरे मामले की जांच शुरू कर दी है। नुकसान का आकलन किया जा रहा है और प्रदूषण से जुड़े आरोपों की तकनीकी जांच भी कराई जाएगी। अधिकारियों ने दोनों पक्षों से संयम बरतने और शांति बनाए रखने की अपील की है। फिलहाल कोकोड़ी गांव और प्लांट क्षेत्र में पुलिस बल तैनात है और हालात पर लगातार नजर रखी जा रही है।




































