RAIPUR NEWS. छत्तीसगढ़ वक्फ बोर्ड के अध्यक्ष डॉ. सलीम राज द्वारा समान कानून को लेकर दिए गए बयान पर प्रदेश की राजनीति में हलचल तेज हो गई है। उनके बयान का समर्थन करते हुए प्रदेश के डिप्टी सीएम व गृहमंत्री विजय शर्मा ने यूनिफॉर्म सिविल कोड (UCC) लागू किए जाने की वकालत की है।

डॉ. सलीम राज ने कहा था कि देश किसी विशेष धर्म के रीति-रिवाजों से नहीं, बल्कि एक संविधान और समान कानून से संचालित होना चाहिए। उन्होंने स्पष्ट रूप से कहा कि भारत में दो तरह के कानून नहीं होने चाहिए और मुस्लिम रीति-रिवाजों के आधार पर अलग कानून की कोई आवश्यकता नहीं है।

उनके इस बयान पर प्रतिक्रिया देते हुए गृहमंत्री विजय शर्मा ने कहा कि डॉ. सलीम राज ने सोच-समझकर बात कही है। उन्होंने कहा कि देश में रहने वाले हर नागरिक पर समान कानून लागू होना चाहिए। शर्मा ने यह भी कहा कि यूनिफॉर्म सिविल कोड लागू किया जाना चाहिए और इसे छत्तीसगढ़ में भी लाया जा सकता है। उन्होंने जोड़ा कि वर्तमान में भी समानता का प्रावधान है, लेकिन जहां संशोधन की आवश्यकता है, वह किए जाने चाहिए।

इसके अलावा डॉ. सलीम राज ने ‘वंदे मातरम्’ के गायन का समय बढ़ाने के निर्णय का स्वागत किया। उन्होंने कहा कि देश में अब मुगल या बाबर का शासन नहीं है और तुष्टिकरण की राजनीति को समाप्त कर समानता की दिशा में कदम बढ़ाए जा रहे हैं।

समान नागरिक संहिता को लेकर दिए गए इन बयानों के बाद प्रदेश में राजनीतिक चर्चाएं तेज हो गई हैं।




































