RAIGARH NEWS. छत्तीसगढ़ के रायगढ़ जिले के खरसिया क्षेत्र स्थित मंगल कार्बन प्लांट में 5 फरवरी को टायर गलाने के दौरान हुए फर्नेस विस्फोट ने एक परिवार की खुशियां छीन लीं। इस दर्दनाक हादसे में झुलसी नौ माह की मासूम बच्ची भूमि खड़िया ने राजधानी रायपुर के कल्दा बर्न्स एंड प्लास्टिक सर्जरी सेंटर में इलाज के दौरान दम तोड़ दिया।

हादसे में कुल आठ लोग झुलसे थे, जिनमें से सात को गंभीर हालत में बेहतर इलाज के लिए रायपुर रेफर किया गया, जबकि एक घायल रायगढ़ में भर्ती है। बच्ची की मौत के बाद अब भी छह अन्य घायलों की स्थिति चिंताजनक बनी हुई है। कई पीड़ितों को सांस लेने में दिक्कत के चलते वेंटिलेटर पर रखा गया है।

घायलों की स्थिति इस प्रकार है—
साहेब लाल खड़िया (45 वर्ष): 80–90 प्रतिशत झुलसे
शिव खड़िया (27 वर्ष): 80–90 प्रतिशत झुलसे
उदाशिनी खड़िया (25 वर्ष): 30–40 प्रतिशत झुलसी
कौशल (25 वर्ष): 70–80 प्रतिशत झुलसे
इंदीवर (19 वर्ष): 80–90 प्रतिशत झुलसे
प्रिया (32 वर्ष): 70–80 प्रतिशत झुलसी

इस दुखद घटना के बाद सामाजिक संगठनों में आक्रोश है। उन्होंने पीड़ित परिवारों को तत्काल उचित मुआवजा और आर्थिक सहायता देने की मांग की है। संगठनों ने यह भी मांग की है कि सभी घायलों के इलाज का पूरा खर्च प्लांट प्रबंधन वहन करे। साथ ही एफआईआर वापस लेने या बयान बदलने के कथित दबाव की निष्पक्ष जांच कर दोषी प्लांट प्रबंधन और जिम्मेदार अधिकारियों के खिलाफ सख्त कानूनी कार्रवाई की जाए। पीड़ित परिवारों को सुरक्षा उपलब्ध कराने की भी अपील की गई है।



































