NEW DELHI NEWS. भारतीय क्रिकेट के दिग्गज सुनील गावस्कर और कपिल देव समेत विश्व क्रिकेट के 14 पूर्व कप्तानों ने पाकिस्तान के पूर्व प्रधानमंत्री और क्रिकेटर इमरान खान के बिगड़ते स्वास्थ्य पर गहरी चिंता जताई है। इन पूर्व कप्तानों ने पाकिस्तान सरकार को पत्र लिखकर उन्हें अंतरराष्ट्रीय मानकों के अनुरूप चिकित्सा सुविधा और सम्मानजनक व्यवहार देने की मांग की है।
इस अपील पत्र पर माइकल एथरटन, एलन बॉर्डर, माइकल ब्रेयरली, ग्रेग चैपल, इयान चैपल, बेलिंडा क्लार्क, डेविड गावर, किम ह्यूज, नासिर हुसैन, क्लाइव लॉयड, स्टीव वॉ और जॉन राइट सहित कई दिग्गजों ने हस्ताक्षर किए हैं।

‘पूर्व अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट कप्तानों की अपील’
‘‘पूर्व अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट कप्तानों की अपील’’ शीर्षक से लिखे गए पत्र में कहा गया है कि इमरान खान के साथ कथित व्यवहार और उनकी जेल की परिस्थितियों को लेकर गहरी चिंता है। पत्र में उल्लेख किया गया है कि हिरासत के दौरान उनके स्वास्थ्य में गिरावट, विशेषकर दृष्टि कमजोर होने की खबरें चिंताजनक हैं।

पूर्व कप्तानों ने लिखा कि क्रिकेट निष्पक्ष खेल, सम्मान और गरिमा के मूल्यों पर आधारित है, जो सीमाओं से परे हैं। उनका मानना है कि इमरान खान जैसे पूर्व राष्ट्रीय नेता और वैश्विक खेल आइकन के साथ मानवीय और सम्मानजनक व्यवहार होना चाहिए।
चिकित्सा सुविधा और पारदर्शिता की मांग
पत्र में 73 वर्षीय खान को उनकी पसंद के योग्य विशेषज्ञों से तत्काल, पर्याप्त और निरंतर चिकित्सा सुविधा उपलब्ध कराने की मांग की गई है। साथ ही पारदर्शी कानूनी प्रक्रिया और शालीन व्यवहार सुनिश्चित करने की अपील भी की गई है।

पूर्व कप्तानों ने यह भी कहा कि क्रिकेट हमेशा देशों के बीच सेतु का कार्य करता रहा है और मैदान की प्रतिद्वंद्विता मैच खत्म होने के साथ समाप्त हो जाती है, लेकिन सम्मान कायम रहता है।
14 साल की सजा और स्वास्थ्य को लेकर दावे
गौरतलब है कि इमरान खान को 2023 में भ्रष्टाचार के एक मामले में 14 वर्ष की जेल की सजा सुनाई गई थी। मीडिया रिपोर्ट्स में दावा किया गया है कि रावलपिंडी की अडियाला जेल में उन्हें समुचित चिकित्सा सुविधा नहीं मिलने के कारण उनकी दाहिनी आंख की लगभग 85 प्रतिशत दृष्टि प्रभावित हुई है।

इस बीच, पूर्व क्रिकेट कप्तानों की यह सामूहिक अपील अंतरराष्ट्रीय स्तर पर चर्चा का विषय बन गई है।
Chhattisgarh News, demanding action against Imran Khan, Fourteen former cricket captains, Kapil Dev and Gavaskar, pakistan government, tirandaj.com, tirandaj.com top 10 news web site, क्रिकेटर इमरान खान के बिगड़ते स्वास्थ्य, गहरी चिंता जताई, पाकिस्तान के पूर्व प्रधानमंत्री और क्रिकेटर इमरान खान, भारतीय क्रिकेट के दिग्गज सुनील गावस्कर और कपिल देव, विश्व क्रिकेट के 14 पूर्व कप्तानों ने


































