KHAIRAGARH NEWS. छत्तीसगढ़ के खैरागढ़ से एक महत्वपूर्ण खबर सामने आई है। खैरागढ़ विधानसभा के पूर्व विधायक कोमल जंघेल के खिलाफ यौन शोषण के आरोप में एफआईआर दर्ज की गई है। यह शिकायत एक भाजपा नेत्री द्वारा दर्ज कराई गई है।

क्या है पूरा मामला?
प्राप्त जानकारी के अनुसार, भाजपा नेत्री ने छुईखदान थाने में पूर्व विधायक कोमल जंघेल पर यौन शोषण का आरोप लगाते हुए लिखित शिकायत दी। शिकायत के आधार पर पुलिस ने मामला दर्ज कर लिया है और जांच प्रक्रिया शुरू कर दी है। फिलहाल पुलिस मामले की गंभीरता से पड़ताल कर रही है।

दो बार विधायक रह चुके हैं कोमल जंघेल
कोमल जंघेल खैरागढ़ विधानसभा क्षेत्र से दो बार विधायक रह चुके हैं। वे संसदीय सचिव का दायित्व भी संभाल चुके हैं और लोधी समाज में उनका प्रभाव माना जाता है। उन्हें पूर्व मुख्यमंत्री डॉ. रमन सिंह का करीबी भी माना जाता रहा है।

साल 2018 के विधानसभा चुनाव में कांग्रेस लहर के बावजूद कोमल जंघेल ने कड़ी टक्कर दी थी। वे मात्र 870 वोटों के अंतर से चुनाव हार गए थे। उस चुनाव में कांग्रेस प्रत्याशी गिरवर जंघेल तीसरे स्थान पर रहे थे।

फिलहाल इस पूरे मामले में पुलिस जांच जारी है और आगे की कार्रवाई जांच रिपोर्ट के आधार पर की जाएगी।



































