RAIPUR NEWS. रायपुर के उरला औद्योगिक क्षेत्र में शनिवार दोपहर उस वक्त हड़कंप मच गया, जब कावेरी इंडस्ट्री परिसर में स्थित तार निर्माण इकाई से अचानक धुआं उठता दिखाई दिया। कुछ ही देर में आग की लपटों ने फैक्ट्री के एक हिस्से को घेर लिया। आग की सूचना मिलते ही दमकल विभाग और पुलिस की टीमें मौके पर पहुंचीं और इलाके को खाली कराते हुए बचाव कार्य शुरू किया।

प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, फैक्ट्री के भीतर रखे तार, तेल और अन्य ज्वलनशील पदार्थों की वजह से आग ने तेजी से विकराल रूप ले लिया। कर्मचारियों ने तत्काल बाहर निकलकर जान बचाई। स्थिति की गंभीरता को देखते हुए आसपास की इकाइयों को भी सतर्क किया गया, ताकि आग फैलने की आशंका को रोका जा सके। खमतराई थाना क्षेत्र के निरीक्षक राजेश सिंह ने बताया कि पुलिस और फायर ब्रिगेड ने समन्वय के साथ फैक्ट्री को पूरी तरह खाली कराया। समय पर की गई कार्रवाई के चलते किसी तरह की जनहानि नहीं हुई।

मौके पर पहुंची दमकल की कई गाड़ियों ने करीब एक घंटे की कड़ी मशक्कत के बाद आग पर नियंत्रण पा लिया। आग बुझाने के दौरान पूरे औद्योगिक क्षेत्र को अस्थायी रूप से घेराबंदी कर सुरक्षित किया गया। आसपास की फैक्ट्रियों के कर्मचारियों और स्थानीय लोगों की भीड़ जुट गई थी, जिन्हें पुलिस ने सुरक्षित दूरी बनाए रखने की समझाइश दी। आग पर काबू पाने के बाद एहतियातन कूलिंग ऑपरेशन जारी रखा गया, ताकि दोबारा लपटें न भड़कें।

दमकल विभाग के अनुसार प्रारंभिक तौर पर आग लगने का कारण शॉर्ट सर्किट माना जा रहा है, हालांकि वास्तविक वजह का खुलासा जांच रिपोर्ट के बाद ही होगा। आग से फैक्ट्री में रखे कच्चे माल और मशीनरी को नुकसान पहुंचा है। नुकसान का आकलन फैक्ट्री प्रबंधन और प्रशासन द्वारा किया जा रहा है।

प्रशासन ने औद्योगिक इकाइयों को अग्नि सुरक्षा मानकों की दोबारा समीक्षा करने और नियमित फायर सेफ्टी ऑडिट कराने की अपील की है, ताकि भविष्य में इस तरह की घटनाओं से बचा जा सके।



































