RAIPUR NEWS. केंद्रीय गृहमंत्री अमित शाह तीन दिवसीय छत्तीसगढ़ दौरे पर राजधानी रायपुर पहुंचे हैं। इस दौरे का सबसे महत्वपूर्ण पड़ाव मेफेयर होटल में आयोजित नक्सलवाद पर हाईलेवल रणनीतिक बैठक है, जिसे बेहद निर्णायक माना जा रहा है।

बैठक के पहले चरण में खुफिया एजेंसियों से प्राप्त इनपुट्स की गहन समीक्षा की गई, जबकि दूसरे चरण में नक्सल प्रभावित क्षेत्रों की वर्तमान स्थिति और आगे की रणनीति पर विस्तार से चर्चा चल रही है। खास बात यह है कि छत्तीसगढ़ में नक्सलवाद के पूर्ण खात्मे की तय समय-सीमा में अब केवल 51 दिन शेष हैं।

इस अहम बैठक में मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय, उपमुख्यमंत्री विजय शर्मा, कई राज्यों के डीजीपी, अपर मुख्य सचिव (गृह), CRPF सहित अन्य केंद्रीय अर्धसैनिक बलों के शीर्ष अधिकारी मौजूद हैं। केंद्र सरकार की नक्सल विरोधी रणनीति अब अपने अंतिम चरण में पहुंच चुकी है।

गौरतलब है कि केंद्रीय गृहमंत्री अमित शाह ने 31 मार्च 2026 तक नक्सलवाद के पूर्ण खात्मे का लक्ष्य तय किया था। इसके बाद से छत्तीसगढ़ सहित अन्य नक्सल प्रभावित इलाकों में सुरक्षा बलों द्वारा लगातार सघन अभियान चलाए जा रहे हैं।

अपने दौरे के दौरान अमित शाह बस्तर में आयोजित पंडुम महोत्सव के समापन कार्यक्रम में भी शामिल होंगे। इससे पहले वे नवा रायपुर स्थित IIM परिसर में आयोजित 60वें DGP-IGP सम्मेलन में शिरकत कर चुके हैं। कुल मिलाकर, यह दौरा नक्सलवाद के खिलाफ निर्णायक लड़ाई में एक अहम मोड़ माना जा रहा है।


































