RAIPUR NEWS. स्वच्छ ऊर्जा और आधुनिक अधोसंरचना को बढ़ावा देने की दिशा में छत्तीसगढ़ सरकार ने बड़ा कदम उठाया है। मुख्यमंत्री विष्णु देव साय ने राजधानी रायपुर में सिटी गैस अवसंरचना परियोजना का औपचारिक शुभारंभ किया। एक निजी होटल में आयोजित कार्यक्रम के दौरान उन्होंने सीएनजी युक्त वाहनों को हरी झंडी दिखाकर रवाना किया तथा रायपुर नगर निगम क्षेत्र की पहली पाइपलाइन गैस उपभोक्ता पूनम चौबे से संवाद कर नई सुविधा का फीडबैक लिया।

मुख्यमंत्री ने कहा कि छत्तीसगढ़ अपने गठन के 25 वर्ष पूरे कर रजत जयंती वर्ष मना रहा है और ऐसे समय में सिटी गैस परियोजना विकास यात्रा की महत्वपूर्ण उपलब्धि है। उन्होंने इसे केवल एक नई सुविधा नहीं, बल्कि स्वच्छ ऊर्जा, पर्यावरण संरक्षण और आधुनिक शहरी ढांचे की दिशा में सरकार के मजबूत संकल्प का प्रतीक बताया।

उन्होंने जानकारी दी कि अब मेट्रो शहरों की तर्ज पर डोमेस्टिक पाइप्ड नेचुरल गैस (डीपीएनजी) के माध्यम से घरों और व्यावसायिक प्रतिष्ठानों को पाइपलाइन से गैस उपलब्ध कराई जाएगी। इससे उपभोक्ताओं को सिलेंडर रिफिल की परेशानी से राहत मिलेगी और सुरक्षा मानकों में भी सुधार होगा। सस्ती और सुलभ ऊर्जा उपलब्ध होने से उद्योग क्षेत्र को गति मिलने तथा निवेश के नए अवसर सृजित होने की उम्मीद जताई गई।

मुख्यमंत्री ने एचसीजी समूह से रायपुर, बलौदाबाजार और गरियाबंद जिलों में सीएनजी स्टेशनों का नेटवर्क तेजी से विकसित करने की अपेक्षा की। उन्होंने कहा कि वाहनों में सीएनजी के उपयोग से प्रदूषण में कमी आएगी और ईंधन खर्च में भी बचत होगी।
उन्होंने यह भी उल्लेख किया कि हाल ही में प्रस्तुत राज्य बजट में अधोसंरचना विकास के लिए विशेष प्रावधान किए गए हैं। सरकार का लक्ष्य शहरी और ग्रामीण दोनों क्षेत्रों में विश्वस्तरीय सुविधाएं उपलब्ध कराना और विकास के साथ पर्यावरण संरक्षण को प्राथमिकता देना है।

उल्लेखनीय है कि सिटी गैस अवसंरचना परियोजना रायपुर, बलौदाबाजार और गरियाबंद जिलों में प्रारंभ की गई है। इसके तहत घरेलू और व्यावसायिक उपयोग के लिए पीएनजी तथा वाहनों के लिए सीएनजी की सुविधा उपलब्ध कराई जाएगी। कार्यक्रम में एचसीजी समूह के प्रबंध निदेशक राहुल चोपड़ा, निदेशक राजीव माथुर, अध्यक्ष दीपक सावंत, राकेश रंजन, गैल इंडिया के प्रतिनिधि और उद्योग जगत के सदस्य उपस्थित रहे।




































