ITARSI NEWS. मध्य प्रदेश के नर्मदापुरम जिले में एक भीषण सड़क हादसे ने तीन परिवारों को उजाड़ दिया। इटारसी के पास पुराने भोपाल–बैतूल नेशनल हाईवे पर एक तेज रफ्तार कार पुल की रेलिंग तोड़ते हुए पथरोटा नहर में जा गिरी। सूचना मिलते ही पुलिस और SDRF की टीमें मौके पर पहुंचीं और रेस्क्यू ऑपरेशन चलाकर नहर से तीन शव बरामद किए गए। टाउन इंस्पेक्टर संजीव सिंह के अनुसार, रात करीब 12 बजे पुलिस कंट्रोल रूम को सूचना मिली कि पथरोटा नहर पुल के पास एक कार नहर में गिर गई है।

सूचना के बाद मौके पर पहुंची SDRF टीम ने तुरंत तलाशी अभियान शुरू किया। नहर में गहराई अधिक होने और कार के पूरी तरह डूब जाने के कारण रेस्क्यू में समय लगा। अब तक हादसे में तीन लोगों की मौत की पुष्टि हुई है, जबकि मृतकों की पहचान की प्रक्रिया जारी है। SDRF प्लाटून कमांडर अमृता दीक्षित ने बताया कि कार नहर में काफी नीचे तक धंस गई थी, हालांकि उसकी लाइटें पानी के अंदर से दिखाई दे रही थीं।

ट्रैक्टर की मदद से वाहन को बाहर निकाला गया, जिसके बाद उसमें फंसे तीन शव बरामद किए गए। पूरे बचाव अभियान में करीब 1 से डेढ़ घंटे का वक्त लगा। रेस्क्यू के दौरान कार में मिले एक पहचान पत्र से एक मृतक की पहचान लकी पटेल के रूप में हुई है। अन्य दो मृतकों की शिनाख्त के प्रयास किए जा रहे हैं। प्रारंभिक जांच में हादसे की संभावित वजह तेज रफ्तार, स्टीयरिंग फेल होना या नशे की हालत में वाहन चलाना मानी जा रही है।

पुलिस सभी पहलुओं पर जांच कर रही है। घटना के बाद इलाके में शोक का माहौल है। प्रशासन ने लोगों से रात के समय सावधानीपूर्वक वाहन चलाने और नहर-पुल जैसे संवेदनशील स्थानों पर गति नियंत्रित रखने की अपील की है।


































