RAIGHAR NEWS. छत्तीसगढ़ के रायगढ़ जिले में पुलिस ने एक बड़े सेक्स रैकेट का भंडाफोड़ किया है। मामला चक्रधर नगर थाना क्षेत्र के केलो विहार कॉलोनी का है, जहां एक किराए के मकान में पिछले काफी समय से देह व्यापार का अवैध धंधा संचालित किया जा रहा था। पुलिस ने इस कार्रवाई में मुख्य एजेंट और एक ग्राहक को गिरफ्तार किया है, जबकि तीन युवतियों को रेस्क्यू किया गया है।

पुलिस को मुखबिर से सूचना मिली थी कि केलो विहार के एक मकान में संदिग्ध गतिविधियां चल रही हैं। खबर की पुष्टि के लिए पुलिस ने एक सुनियोजित योजना बनाई। टीम का एक जवान ‘फर्जी ग्राहक’ बनकर मकान के अंदर पहुंचा। जैसे ही एजेंट डिंपी इजरादार ने जवान के सामने युवतियों की डिमांड स्वीकार की और सौदा तय हुआ, जवान ने बाहर खड़ी पुलिस टीम को इशारा कर दिया।

छापेमारी में मिलीं तीन युवतियां
इशारा मिलते ही पुलिस की टीम ने मकान को चारों तरफ से घेर लिया और छापेमारी की। मकान के अलग-अलग कमरों से तीन युवतियां बरामद की गईं, जिनकी उम्र 20 से 30 साल के बीच है। ये युवतियां ओडिशा, बिलासपुर और लैलूंगा की रहने वाली बताई जा रही हैं। मौके से पुलिस ने भारी मात्रा में आपत्तिजनक सामग्री भी बरामद की है।

एजेंट और ग्राहक के खिलाफ मामला दर्ज
जांच में सामने आया कि आरोपी एजेंट डिंपी इजरादार पिछले एक साल से संतोष सोनी के मकान को किराए पर लेकर यह अवैध धंधा चला रहा था। वह बाहरी राज्यों और जिलों से लड़कियों को पैसों का लालच देकर बुलाता था। पुलिस ने मौके से मुख्य आरोपी एजेंट और ग्राहक नागेंद्र विश्वकर्मा (35 वर्ष) को हिरासत में ले लिया है। पुलिस ने आरोपियों के खिलाफ पिटा एक्ट के तहत मामला दर्ज कर जेल भेजने की प्रक्रिया शुरू कर दी है।




































