BILASPUR NEWS. सरकंडा क्षेत्र में हुई 3.35 करोड़ रुपए की सनसनीखेज लूट के मामले में छत्तीसगढ़ पुलिस ने बड़ी कार्रवाई करते हुए उत्तरप्रदेश में आरोपियों को घेर लिया। पीछा करते समय हुई मुठभेड़ में एक बदमाश के पैर में गोली लगी, जिसे घायल अवस्था में हिरासत में लिया गया है। स्थानीय पुलिस के सहयोग से यह कार्रवाई की गई। मामला बिलासपुर के सरकंडा थाना क्षेत्र स्थित राजकिशोर नगर का है, जहां मंगलवार रात सराफा कारोबारी संतोष तिवारी से 3.35 करोड़ रुपये की लूट हुई थी।

इस घटना के बाद पुलिस महकमे में हड़कंप मच गया। आईजी रामगोपाल गर्ग स्वयं मौके पर पहुंचे और जांच की मॉनिटरिंग की। जांच के दौरान पुलिस टीम ने शहर के आउटर इलाके ग्राम उरतुम के पास लूटी गई कार बरामद की। इसके बाद सीसीटीवी फुटेज और तकनीकी विश्लेषण के आधार पर आरोपियों की पहचान की गई। लोकेशन ट्रेस होने पर टीम उनका पीछा करते हुए उत्तरप्रदेश पहुंची और वहां की पुलिस से समन्वय स्थापित किया।

धरपकड़ के दौरान आरोपी भागने लगे, जिस पर पुलिस ने फायरिंग की। इसी दौरान एक बदमाश के पैर में गोली लगी। उत्तरप्रदेश पुलिस इस पूरे घटनाक्रम का विस्तृत खुलासा मिर्जापुर में करने वाली है। पुलिस जांच में सामने आया कि वारदात में इस्तेमाल की गई बाइक और कार दोनों चोरी की थीं। बाइक अंबिकापुर में पदस्थ नगर सैनिक राकेश चौबे के नाम पर दर्ज थी, जिसे 13 फरवरी को मैनपाट से चोरी किया गया था। वहीं सफेद रंग की ईको वैन को वारदात से एक दिन पहले अकलतरा थाना क्षेत्र से चुराया गया था।

लुटेरों की गिरफ्तारी के लिए 10 विशेष टीमें बनाई गई थीं। तीन टीमें तकनीकी इनपुट के आधार पर यूपी, बिहार और झारखंड रूट पर सक्रिय रहीं। एक टीम होटल और लॉज में आरोपियों की संभावित मौजूदगी की जांच करती रही। अन्य टीमें सीसीटीवी फुटेज, टॉवर डंप डेटा, फिंगरप्रिंट और एफएसएल रिपोर्ट के आधार पर साक्ष्य जुटाने में लगी रहीं।

फिलहाल पुलिस अधिकारी मामले की विस्तृत जानकारी साझा करने से बच रहे हैं, लेकिन कार्रवाई को बड़ी सफलता माना जा रहा है। घायल आरोपी से पूछताछ के बाद गिरोह के अन्य सदस्यों और लूट की रकम बरामदगी को लेकर और खुलासे होने की संभावना है।


































