SURAJPUR NEWS. कहते हैं शादी सात जन्मों का बंधन है, लेकिन जब इस पवित्र रिश्ते के बीच तीसरे की एंट्री होती है तो अंजाम अक्सर रूह कंपा देने वाला होता है। सूरजपुर के मोरभंज से एक ऐसा ही मामला सामने आया है। यहां प्यार, बेवफाई और सनक ने एक हंसते-खेलते परिवार को उजाड़ दिया। जिस भांजे के साथ मामी ने नई दुनिया बसाने के सपने देखे थे, वहीं भांजा अपनी प्रेमिका मामी का कातिल बन बैठा।

जानकारी के अनुसार, भैसामुंडा निवासी पिंकी सोलंकी की शादी करीब नौ साल पहले शिवदास से हुई थी। दंपत्ति रोज़गार की तलाश में अंबिकापुर आकर रहने लगा। दोनों की एक बेटी भी थी और परिवार की जिंदगी सामान्य रूप से चल रही थी। इसी दौरान शिवदास का सगा भांजा हेमंत काम की तलाश में मामा के घर रहने आया। यहीं से रिश्तों की मर्यादा टूटने लगी। बताया जा रहा है कि हेमंत और पिंकी के बीच धीरे-धीरे नजदीकियां बढ़ीं और दोनों अवैध प्रेम संबंध में बंध गए। पिंकी ने पति और मासूम बच्ची को छोड़कर हेमंत के साथ रहना शुरू कर दिया। दोनों के साथ रहने के दौरान एक बच्चा भी हुआ। लेकिन समय के साथ यह रिश्ता तनाव और शक में बदलने लगा।

आरोपी हेमंत को पिंकी का सोशल मीडिया पर सक्रिय रहना और अन्य लोगों से बातचीत करना नागवार गुजरने लगा। इसी बात को लेकर दोनों के बीच विवाद बढ़ने लगे और कुछ महीनों से वे अलग-अलग रहने लगे थे, हालांकि कभी-कभार फोन पर बातचीत होती रहती थी। इसी बीच हेमंत ने पिंकी को रास्ते से हटाने की साजिश रच ली। 29 जनवरी, आरोपी हेमंत का जन्मदिन था। इसी दिन उसने पिंकी को घुमाने के बहाने मोरभंज बुलाया। दोनों ने साथ में केक काटा और शराब पी।

इसके बाद आरोपी पिंकी को एक सुनसान जगह ले गया, जहां उसने दुपट्टे से गला घोंटकर उसकी हत्या कर दी। हत्या के बाद भी उसे शक हुआ कि पिंकी जीवित हो सकती है, तो उसने चाकू से उसका गला रेत दिया। घटना के बाद क्षेत्र में हड़कंप मच गया। शव मिलने की सूचना पर जयनगर पुलिस मौके पर पहुंची और जांच शुरू की। पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए आरोपी हेमंत को गिरफ्तार कर लिया और उसे न्यायिक हिरासत में भेज दिया है।


































