JOB NEWS. इलाहाबाद विश्वविद्यालय (प्रयागराज) में प्रशासनिक सेवा में करियर बनाने का सपना देख रहे युवाओं के लिए सुनहरा मौका आया है। विश्वविद्यालय ने असिस्टेंट रजिस्ट्रार के पदों पर भर्ती के लिए ऑनलाइन आवेदन प्रक्रिया शुरू कर दी है। आवेदन 9 फरवरी 2026 से शुरू हो चुके हैं और इच्छुक अभ्यर्थी 2 मार्च 2026 तक आवेदन कर सकते हैं।

इस भर्ती के लिए अधिकतम आयु सीमा 35 वर्ष तय की गई है। आरक्षित वर्गों—एससी, एसटी, ओबीसी और अन्य पात्र श्रेणियों—को सरकारी नियमों के अनुसार आयु में छूट मिलेगी। अभ्यर्थियों के पास संबंधित क्षेत्र में कम से कम 5 वर्ष का कार्य अनुभव होना अनिवार्य है। साथ ही कंप्यूटर का अच्छा ज्ञान भी जरूरी रखा गया है, क्योंकि पद पर प्रशासनिक, रिकॉर्ड मैनेजमेंट और ऑफिस वर्क से जुड़े कई काम होंगे।

चयनित उम्मीदवारों को 7वें वेतन आयोग के तहत लेवल-10 का वेतनमान मिलेगा। शुरुआती सैलरी करीब 56,100 रुपये होगी, जो बढ़कर 1,77,500 रुपये तक जा सकती है। इसके अलावा विश्वविद्यालय नियमों के अनुसार महंगाई भत्ता, एचआरए और अन्य सरकारी सुविधाएं भी मिलेंगी।

विश्वविद्यालयों में प्रशासनिक पदों पर भर्ती कम ही निकलती है, ऐसे में यह अवसर अनुभवी उम्मीदवारों के लिए बेहद अहम माना जा रहा है। स्थिर नौकरी, बेहतर वेतन और सरकारी सुविधाओं के साथ यह पद करियर को नई दिशा दे सकता है। इस भर्ती के लिए वर्गवार आवेदन शुल्क निर्धारित किया गया है। सामान्य, ओबीसी और ईडब्ल्यूएस: 1600 रुपये, एससी/एसटी: 800 रुपये दिव्यांग अभ्यर्थी: 100 रुपये लगेगा।

ऐसे करें आवेदन
उम्मीदवार इलाहाबाद यूनिवर्सिटी की आधिकारिक वेबसाइट www.allduniv.ac.in पर जाकर आवेदन कर सकते हैं। वेबसाइट पर जाकर Recruitment सेक्शन में Assistant Registrar भर्ती लिंक पर क्लिक करें। इसके बाद ऑनलाइन फॉर्म भरें, जरूरी दस्तावेज अपलोड करें और आवेदन शुल्क जमा करें। फॉर्म सबमिट करने के बाद उसकी एक प्रति प्रिंट कर सुरक्षित रख लें।
































