KABUL NEWS. अफ़गानिस्तान ने पाकिस्तान के भीतर कई सैन्य ठिकानों पर हवाई और ड्रोन हमले करने का दावा किया है। अफ़गान रक्षा मंत्रालय के अनुसार शुक्रवार सुबह लगभग 11 बजे राजधानी इस्लामाबाद के फ़ैज़ाबाद इलाके के पास एक सैन्य शिविर को निशाना बनाया गया। इसके साथ ही खैबर पख्तूनख्वा के नौशेरा कैंट, जमरूद मिलिट्री कॉलोनी और एबटाबाद स्थित सैन्य ठिकानों पर भी हमले किए जाने की बात कही गई है। अफ़गान सीमा बल के प्रवक्ता ने भी कहा कि पाकिस्तानी सैन्य केंद्रों पर ड्रोन हमले किए गए हैं। मंत्रालय ने इसे राष्ट्रीय सुरक्षा की रक्षा के लिए आवश्यक कदम बताया।

अफ़गानिस्तान के राष्ट्रीय रक्षा मंत्रालय ने बयान जारी कर कहा कि यह कार्रवाई पिछली रात काबुल, कंधार और पक्तिया में कथित पाकिस्तानी हवाई घुसपैठ के जवाब में की गई। मंत्रालय का दावा है कि हमले “रणनीतिक सैन्य अड्डों, कमांड सेंटर और विशेष ठिकानों पर केंद्रित थे और ऑपरेशन सफल रहा। रक्षा मंत्रालय के मुताबिक इस अभियान में स्वदेशी ड्रोन का भी उपयोग किया गया। बयान में कहा गया कि लक्षित ठिकानों पर आग लग गई और सैन्य संरचनाओं को नुकसान पहुंचा।

अफ़गान मीडिया संस्थान टोलो न्यूज की रिपोर्ट के अनुसार इस कार्रवाई में पाकिस्तान की सैन्य सरकार के 55 सैनिक मारे गए। रिपोर्ट में यह भी कहा गया कि अफ़गान बलों ने दो सैन्य मुख्यालय और 19 चौकियों पर कब्जा किया है, जबकि सैकड़ों हल्के और भारी हथियार जब्त किए गए। वहीं, अफ़गान पक्ष ने स्वीकार किया है कि इस अभियान में उसके आठ सैनिक मारे गए और 11 घायल हुए हैं।

अफ़गानिस्तान के सरकारी प्रसारक आरटीए अफ़गानिस्तान ने संघर्ष से जुड़े वीडियो जारी किए हैं। एक वीडियो में कथित तौर पर एक अफ़गान कमांडर अपने वरिष्ठ अधिकारियों को डंगम जिले में हुई झड़प का विवरण देते दिखाई दे रहे हैं। अन्य फुटेज में लड़ाकों को कब्जाए गए हथियारों का वितरण करते दिखाया गया है। अफ़गान मंत्रालय ने यह भी आरोप लगाया है कि तोरखम में लौटने वाले लोगों के अस्थायी शिविर पर पाकिस्तानी हवाई हमले में महिलाओं और बच्चों समेत 13 लोग घायल हुए।

दोनों देशों के बीच बढ़ते सैन्य तनाव ने क्षेत्रीय सुरक्षा को लेकर चिंता बढ़ा दी है। हालांकि स्वतंत्र स्रोतों से इन दावों की पुष्टि नहीं हो सकी है और पाकिस्तान की आधिकारिक प्रतिक्रिया का इंतजार है।


































