BALOD NEWS. सिटी प्रेस क्लब बालोद के स्थापना दिवस के अवसर पर बुधवार को कुर्मी भवन में विचार गोष्ठी एवं सम्मान समारोह का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में लोकतंत्र की मजबूती में मीडिया की भूमिका, बदलती पत्रकारिता और विश्वसनीयता की चुनौती को लेकर गहन मंथन हुआ। वक्ताओं ने साफ कहा कि लोकतंत्र की रक्षा के लिए मीडिया को ईमानदारी, निष्पक्षता और जिम्मेदारी के साथ काम करने की जरूरत है।
स्वदेश 24×7 न्यूज चैनल के संपादक अवधेश शर्मा ने कहा कि पत्रकारिता लोकतंत्र का मजबूत स्तंभ है। इसकी गंभीरता को समझना जरूरी है। एक पत्रकार का सुबह घर से निकलना तय होता है, लेकिन सुरक्षित लौटना भी हमेशा सुनिश्चित नहीं रहता। लॉकडाउन और कोरोना काल में पत्रकारों ने जोखिम उठाकर जनहित में काम किया। उन्होंने कहा कि आज अगर कोई पोर्टल या यूट्यूब के माध्यम से भी जनहित के मुद्दे ईमानदारी से उठाता है, तो वह भी पत्रकार है।

गोदी और विरोधी मीडिया से हटकर ईमानदार पत्रकारिता की जरूरत
तीरंदाज के संपादक मयंक चतुर्वेदी ने कहा कि आज लोकतंत्र पर चोट हो रही है। मीडिया का काम सरकार को आईना दिखाना है, लेकिन आज गोदी और विरोधी मीडिया की ध्रुवीकृत भूमिका सामने आ रही है। इससे आम जनता का भरोसा मीडिया से कम हो रहा है। उन्होंने कहा कि तटस्थ और निष्पक्ष पत्रकारिता करने वाले आज आर्थिक संकट से जूझ रहे हैं। न्यू मीडिया की भूमिका भी अब अहम हो चुकी है, लेकिन गुटबाजी और चरणबंदगी वाली पत्रकारिता से बचना होगा।
मुख्य अतिथि और विशेष अतिथियों के विचार
मुख्य अतिथि प्रदेश भाजपा मंत्री यशवंत जैन ने पत्रकारिता के महत्व पर प्रकाश डालते हुए सकारात्मक पत्रकारिता पर जोर दिया और क्लब को सफल आयोजन के लिए बधाई दी। विशेष अतिथि छाया विधायक राकेश यादव ने कहा कि विचारों से असहमति हो सकती है, लेकिन अभिव्यक्ति की स्वतंत्रता की रक्षा जरूरी है। उन्होंने पत्रकारों से तथ्यों की पूरी जांच के बाद ही खबर प्रकाशित करने की अपील की।
भाजपा जिला अध्यक्ष चेमन देशमुख ने कहा कि डिजिटल दौर में पत्रकारिता विश्वसनीयता के संकट से गुजर रही है। ब्रेकिंग की होड़ खतरनाक साबित हो रही है, इसलिए गुणवत्ता और संतुलन जरूरी है।

झूठी खबरों से बचने की अपील
जिला सहकारी केंद्रीय बैंक दुर्ग के अध्यक्ष प्रीतपाल बेलचंदन ने झूठी खबरों पर चिंता जताते हुए कहा कि बिना पुष्टि की खबरें संस्थाओं और समाज दोनों को नुकसान पहुंचाती हैं। सहकारिता के क्षेत्र में मीडिया की सकारात्मक भूमिका अहम रही है।
पूर्व पत्रकारों का सम्मान
कार्यक्रम के दौरान पूर्व में पत्रकारिता से जुड़े यशवंत जैन, चेमन देशमुख, कुलदीप कत्याल, अरमान अश्क, पुष्पेंद्र तिवारी, प्रमोद दुबे और अजय साहू का विशेष सम्मान किया गया। आभार प्रदर्शन संरक्षक कुलदीप कत्याल ने किया।

स्वागत भाषण में क्लब अध्यक्ष टीकम पिपरिया ने कहा कि सिटी प्रेस क्लब ने एक वर्ष में रचनात्मक कार्यों के जरिए अपनी पहचान बनाई है और स्वच्छ पत्रकारिता की दिशा में निरंतर आगे बढ़ रहा है। कार्यक्रम में पद्मश्री शमशाद बेगम सहित विभिन्न गांवों की महिला कमांडो बहनों को भी उनके उत्कृष्ट कार्यों के लिए सम्मानित किया गया। इस अवसर पर क्लब पदाधिकारी, संरक्षक, नगर पालिका पार्षद एवं बड़ी संख्या में पत्रकार और गणमान्य नागरिक उपस्थित रहे।




































