RAIPRU NEWS. छत्तीसगढ़ की राजनीति में विकास, नामकरण और आदिवासी मुद्दों को लेकर सियासी गर्माहट तेज हो गई है। VB G Ram G को लेकर कांग्रेस के विरोध और प्रदर्शन की घोषणा के बीच उप मुख्यमंत्री अरुण साव ने कांग्रेस पर तीखा हमला करते हुए सरकार की नीतियों और आगामी बजट को लेकर बड़ा बयान दिया है। छत्तीसगढ़ में VB G Ram G को लेकर कांग्रेस ने इस मुद्दे पर चरणबद्ध आंदोलन करने का ऐलान किया है। इस पर प्रतिक्रिया देते हुए उप मुख्यमंत्री अरुण साव ने कहा कि कांग्रेस हमेशा नामों को लेकर राजनीति करती रही है।

डिप्टी सीएम ने कहा किआज कांग्रेस एक परिवार की पार्टी बनकर रह गई है। VB G Ram G विकसित भारत की आधारशिला है और आज की जरूरतों को ध्यान में रखकर इसमें जरूरी बदलाव किए गए हैं। पूर्व मंत्री कवासी लखमा से कांग्रेस नेता और पूर्व मुख्यमंत्री भूपेश बघेल की प्रस्तावित मुलाकात को लेकर भी डिप्टी सीएम ने प्रतिक्रिया दी। साव ने कहा कि यह भूपेश बघेल का निजी निर्णय है। उन्होंने आगे कहा कि बेटे को जमानत मिल चुकी है, लेकिन एक निर्दोष आदिवासी के साथ जिस तरह का अन्याय हुआ, उसे प्रदेश की जनता ने देखा है।

इस दौरान जनविश्वास विधेयक द्वितीय को राज्यपाल की मंजूरी मिलने पर डिप्टी सीएम अरुण साव ने इसे जनता के हित में बड़ा कदम बताया। उन्होंने कहा कि इस कानून का मुख्य उद्देश्य कानूनी प्रक्रियाओं को सरल बनाना और अनावश्यक पेचीदगियों को कम करना है। विधेयक के लागू होने से आम नागरिकों को सीधा लाभ मिलेगा और अदालतों में लंबित मामलों का बोझ भी घटेगा।

आगामी बजट की तैयारियों को लेकर भी उप मुख्यमंत्री ने अहम जानकारी दी। उन्होंने बताया कि वित्त विभाग लंबे समय से बजट की तैयारियों में जुटा हुआ है। सचिव स्तर की बैठक पूरी हो चुकी है और अब मंत्री स्तर की बैठकें होंगी। साव ने भरोसा जताया कि इस बार का बजट विकसित छत्तीसगढ़ के निर्माण की दिशा में मजबूत और जनहितकारी होगा।





































