RAIPUR NEWS. किसान से धोखाधड़ी के मामले में जैजैपुर के कांग्रेस विधायक बालेश्वर साहू को आज जमानत मिल गई है। उन्हें 9 जनवरी को धोखाधड़ी के आरोप में जेल भेजा गया था।
किसान से धोखाधड़ी मामले में जेल में बंद जैजैपुर विधानसभा क्षेत्र के कांग्रेस विधायक बालेश्वर साहू को न्यायालय से बड़ी राहत मिली है। अदालत ने उन्हें 50 हजार रुपये के मुचलके पर सशर्त जमानत मंजूर कर ली है। जमानत आदेश जारी होने के बाद विधायक साहू को आज शाम जिला जेल से रिहा किया जाएगा।

इससे पहले की आज छत्तीसगढ़ भाजपा ने पोस्ट कर लिखा भ्रष्टाचारी मन जेल जात हे साय, साय। कार्टून के जरिये महंत और भूपेश को बात करते दिखाया की एक मोर गिस, एक तोर गिस। जेल में बंद कवासी लखमा, बालेश्वर साहू का भी कार्टून दिखाया गया।

वहीं पूर्व नेता प्रतिपक्ष नारायण चंदेल ने कांग्रेस नेताओं से सवाल किया है, वे लोग अपने को किसान पुत्र कहते हैं। तो ऐसे में कांग्रेस बताएं कि वे किसके साथ खड़े हैं? किसान के साथ या किसान से धोखाधड़ी करने वाले अपराधी बालेश्वर के साथ? वहीं कैबिनेट मंत्री गुरु खुशवंत ने कहा भ्रष्टाचार पर भाजपा की सरकार सख्त है। राज्य में जीरो टॉलरेंस पर काम हो रहा है। कांग्रेस ने 5 साल छत्तीसगढ़ को लूटने का काम किया।अब कार्रवाई हो रही है तो जेल जा रहे हैं।

जवाब में पूर्व राज्यसभा सदस्य छाया वर्मा ने कहा कांग्रेस न्याय के साथ है। हम किसान और अपने विधायक के साथ है। अगर किसी ने गलत किया है तो उसे सजा मिलनी चाहिए। लेकिन अगर दुर्भावनावश कार्रवाई की जा रही है तो हम उसका विरोध करेंगे। इसी मामले में पूर्व संसदीय सचिव विकास उपाध्याय ने कहा कि भाजपा हमारी पार्टी और हमारे नेताओं को बदनाम करने की नीयत से झूठे मामले बनाकर गिरफ्तार कर जेल भेज रही है।




































