RAIPUR NEWS. रायपुर के शहीद वीर नारायण सिंह अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट स्टेडियम में 23 जनवरी को होने वाले भारत-न्यूजीलैंड टी-20 मुकाबले को लेकर फैंस में जबरदस्त उत्साह देखने को मिल रहा है। गुरुवार शाम 7 बजे जैसे ही टिकटों की ऑनलाइन बिक्री शुरू हुई, महज 2000 रुपए वाले स्टैंड के टिकट बिक गए। शाम 8 बजे के बाद टिकट बुक करने वालों को वेबसाइट की बजाय मोबाइल ऐप से लॉग-इन करने का मैसेज दिखने लगा। वहीं, बुफे सुविधा वाली सिल्वर टिकट भी पहले ही दिन खत्म हो गई। रात 8:30 बजे तक 2500, 3000 और 3500 रुपए वाले टिकट ही उपलब्ध थे।

छत्तीसगढ़ क्रिकेट संघ ने साफ किया है कि वनडे की तरह टी-20 मैच में भी छात्रों के लिए 800 रुपए का विशेष टिकट रखा गया है। छात्र अपने स्कूल या कॉलेज के आई-कार्ड पर एक ही फिजिकल टिकट ले सकेंगे। ऑनलाइन टिकट बिक्री 15 जनवरी शाम 7 बजे से शुरू हो चुकी है। ऑनलाइन टिकट ticketgenie.in पर उपलब्ध हैं। वहीं, फिजिकल टिकट के लिए दर्शक बलबीर सिंह जुनेजा इंडोर स्टेडियम में जाकर क्यूआर कोड और आधार कार्ड दिखाकर 16 और 17 जनवरी 19 से 22 जनवरी टिकट ले सकेंगे। 18 जनवरी को स्टेडियम उपलब्ध नहीं होने के कारण काउंटर बंद रहेगा।

संघ के मुताबिक इस बार कुल 38 हजार टिकट दर्शकों के लिए रखे गए हैं, जबकि 8 हजार टिकट बीसीसीआई कोटे में पहले से आरक्षित हैं। टिकट बिक्री का कोई दूसरा फेज नहीं होगा, सभी टिकट एक ही चरण में बेचे जा रहे हैं। स्टेडियम में सस्ता और तय रेट पर खाना मिलेगा। दर्शकों की सुविधा के लिए क्रिकेट संघ ने स्टेडियम में तैयारियां तेज कर दी हैं।

भारत-न्यूजीलैंड सीरीज का पहला टी-20 मैच 21 जनवरी को नागपुर में खेला जाएगा। इसके बाद 22 जनवरी को दोनों टीमें रायपुर पहुंचेंगी। संभावना है कि एक टीम 22 जनवरी की शाम और दूसरी टीम 23 जनवरी की सुबह अभ्यास करेगी। रायपुर का यह टी-20 मुकाबला हाउसफुल होने की ओर तेजी से बढ़ रहा है, और क्रिकेट प्रेमियों में अभी से मैच को लेकर जबरदस्त क्रेज नजर आ रहा है।




































