RAIPUR NEWS. लंबे समय से महंगाई भत्ते में बढ़ोतरी का इंतजार कर रहे छत्तीसगढ़ के सरकारी कर्मचारियों के लिए बड़ी खुशखबरी सामने आई है। मुख्यमंत्री विष्णु देव साय ने एक मंच से ऐसा ऐलान किया, जिससे लाखों कर्मचारियों के चेहरे खिल उठे और राज्य के कर्मचारी वर्ग में उत्साह का माहौल बन गया। छत्तीसगढ़ सरकार ने राज्य के सरकारी अधिकारियों और कर्मचारियों को बड़ा तोहफा देते हुए महंगाई भत्ते (डीए) में 3 प्रतिशत की बढ़ोतरी की घोषणा की है।

इसके साथ ही अब प्रदेश के कर्मचारियों को केंद्र सरकार के समान 58 प्रतिशत महंगाई भत्ता मिलेगा। यह ऐलान मुख्यमंत्री विष्णु देव साय ने राज्य कर्मचारी संघ के आठवें प्रदेश अधिवेशन के दौरान किया। मुख्यमंत्री ने अपने संबोधन में कहा कि कर्मचारी संघ के इस कार्यक्रम में शामिल होकर उन्हें कर्मचारियों की भावनाओं और अपेक्षाओं को समझने का अवसर मिला।

सीएम साय ने बताया कि केंद्र से आए संघ पदाधिकारियों से भी चर्चा हुई है और इसी क्रम में राज्य कर्मचारियों को केंद्र के समान डीए देने का निर्णय लिया गया है। सीएम साय ने स्पष्ट किया कि प्रदेश सरकार कर्मचारियों के हितों को लेकर पूरी तरह गंभीर है। अन्य लंबित मांगों पर भी विचार किया जा रहा है और इसके लिए समिति गठित कर चर्चा की जाएगी, ताकि व्यावहारिक और संतुलित समाधान निकाला जा सके।

मुख्यमंत्री ने यह भी कहा कि देश के कई राज्य अब भी केंद्र के महंगाई भत्ते के स्तर तक नहीं पहुंच पाए हैं, लेकिन छत्तीसगढ़ सरकार ने कर्मचारियों को बराबरी का हक देने का फैसला लिया है। आने वाले समय में भी कर्मचारियों के कल्याण से जुड़े फैसले प्राथमिकता के आधार पर लिए जाएंगे। राज्य कर्मचारी संघ के पदाधिकारियों ने मुख्यमंत्री के फैसले का स्वागत करते हुए इसे कर्मचारियों के प्रति सरकार की सकारात्मक सोच का प्रमाण बताया और उम्मीद जताई कि अन्य मांगों पर भी जल्द ही सकारात्मक निर्णय लिए जाएंगे।




































