JOB NEWS. उच्च शिक्षा विभाग में विभिन्न पदों पर सीधी भर्ती की प्रक्रिया तेजी से आगे बढ़ रही है। विभाग की ओर से जारी जानकारी के अनुसार कुल 880 पदों पर भर्ती के लिए पहले ही विज्ञापन जारी किया जा चुका है। इन पदों में प्रयोगशाला परिचारक के 430, भृत्य के 210, चौकीदार के 210 और स्वीपर के 30 पद शामिल हैं। सभी भर्तियां तय नियमों और शासन के दिशा-निर्देशों के अनुसार की जा रही हैं।

प्रयोगशाला परिचारक के 430 पदों के लिए छत्तीसगढ़ व्यावसायिक परीक्षा मंडल (व्यापमं) द्वारा भर्ती परीक्षा आयोजित की जा चुकी है। इस परीक्षा की अंतिम चयन सूची जारी कर दी गई है। वहीं चयनित अभ्यर्थियों के दस्तावेज सत्यापन की प्रक्रिया संचालनालय स्तर पर तेजी से चल रही है, ताकि जल्द से जल्द नियुक्ति की कार्रवाई पूरी की जा सके।

अन्य पदों भृत्य, चौकीदार और स्वीपर की सीधी भर्ती के लिए परीक्षा आयोजन की जिम्मेदारी भी छत्तीसगढ़ व्यावसायिक परीक्षा मंडल (व्यापमं) को सौंपी गई है। विभाग ने इन पदों के लिए प्राप्त सभी आवेदनों का त्रुटिरहित डिजिटल डाटा व्यापमं को सौंप दिया है, जिससे परीक्षा प्रक्रिया में किसी तरह की देरी न हो।

उच्च शिक्षा विभाग ने पहले ही इन पदों से संबंधित पाठ्यक्रम, परीक्षा पैटर्न और अन्य आवश्यक विवरण व्यापमं को उपलब्ध करा दिए हैं। इसी आधार पर व्यापमं द्वारा आगामी परीक्षाओं की तैयारी की जा रही है। विभाग ने स्पष्ट किया है कि परीक्षा तिथि, प्रवेश पत्र और अन्य जरूरी सूचनाएं व्यापमं द्वारा आधिकारिक रूप से जारी की जाएंगी, जिन्हें विभाग अपने सूचना पटल और अन्य माध्यमों से भी अभ्यर्थियों तक पहुंचाएगा।
उच्च शिक्षा विभाग ने अभ्यर्थियों से अपील की है कि वे केवल आधिकारिक सूचनाओं पर ही भरोसा करें और परीक्षा से जुड़ी ताजा जानकारी के लिए नियमित रूप से व्यापमं की वेबसाइट और विभागीय नोटिस देखें।



































