JOB NEWS. अगर आप इंजीनियरिंग की पढ़ाई पूरी करने के बाद सरकारी सेक्टर में करियर बनाना चाहते हैं, तो आपके लिए अच्छी खबर है। भारत सरकार की नवरत्न कंपनी भारत इलेक्ट्रॉनिक्स लिमिटेड (BEL) ने अपनी गाजियाबाद यूनिट के लिए ट्रेनी इंजीनियर और ट्रेनी ऑफिसर के पदों पर भर्ती निकाली है। खास बात यह है कि इस भर्ती में फ्रेशर्स को भी मौका दिया जा रहा है।

BEL की ओर से आवेदन प्रक्रिया आधिकारिक वेबसाइट bel-india.in पर चल रही है। इच्छुक और योग्य उम्मीदवारों को 9 जनवरी 2026 तक आवेदन करना होगा। तय समय के बाद आवेदन स्वीकार नहीं किए जाएंगे। इस भर्ती के तहत चयनित उम्मीदवारों को ट्रेनी इंजीनियर/ट्रेनी ऑफिसर-I के पद पर नियुक्त किया जाएगा। इन पदों पर नियुक्त अभ्यर्थियों को 30,000 रुपए प्रति माह वेतन दिया जाएगा।

ट्रेनी इंजीनियर पद पर आवेदन करने के लिए उम्मीदवारों के पास किसी मान्यता प्राप्त विश्वविद्यालय से इलेक्ट्रॉनिक्स/मैकेनिकल/कंप्यूटर साइंस/इलेक्ट्रिकल/केमिकल विषय में बी.ई/बीटेक/बीएससी इंजीनियरिंग की डिग्री (4 साल कोर्स) किया होना चाहिए। ट्रेनी ऑफिसर के लिए फाइनेंस में एमबीए मांगी गई है। इसके अलावा किसी तरह का कोई अनुभव या काम के एक्सपीरियंस की जरूरत नहीं है। यानी फ्रेशर अभ्यर्थियों के लिए बढ़िया मौका है।

चयन प्रक्रिया पूरी तरह से लिखित परीक्षा पर आधारित है। जिसमें पास होने के लिए सामान्य/ईडब्ल्यूएस/ओबीसी-एनसीएल अभ्यर्थियों को 35 प्रतिशत और एससी/एसटी/पीडब्ल्यूबीडी उम्मीदवारों को 30 प्रतिशत अंक लाने होंगे। परीक्षा में 1/4 की निगेटिव मार्किंग भी होगी।

ऐसे करें आवेदन
आवेदन करने के लिए नोटिफिकेशन में क्यूआर कोड दिया गया है। इसे स्कैन करने के बाद खुली वेबसाइट पर अपना रजिस्ट्रेशन कर सकेंगे। आवेदन प्रकिया पूरी होने के बाद फॉर्म का प्रिंट आउट निकाल लें। इसके साथ आपको अपने दो पासपोर्ट साइज फोटोग्राफ, 10वीं की मार्कशीट, 12वीं की मार्कशीट, डिग्री, फाइनल डिग्री सर्टिफिकेट, जाति प्रमाण पत्र, फीस पेमेंट, पहचान पत्र जैसे डॉक्यूमेंट्स साथ में लाने होंगे। इस भर्ती से संबंधित अन्य किसी भी जानकारी के लिए अभ्यर्थी बीईएल की आधिकारिक वेबसाइट विजिट कर सकते हैं।




































