JOB NEWS. अगर आप खेलों को सिर्फ मैदान तक सीमित नहीं, बल्कि नीति, प्रशासन और विज्ञान से जोड़कर करियर बनाना चाहते हैं, तो यह मौका आपके लिए है। भारत सरकार के केंद्रीय युवा मामले और खेल मंत्रालय ने युवाओं को खेल व्यवस्था के भीतर काम करने का सीधा अवसर देने के लिए 2025 के लिए एक व्यापक इंटर्नशिप प्रोग्राम लॉन्च किया है। देश के युवाओं और छात्रों के लिए यह इंटर्नशिप प्रोग्राम एक बड़ा अवसर लेकर आया है। केंद्रीय युवा मामले और खेल मंत्रालय की इस पहल के तहत कुल 452 इंटर्नशिप पदों पर छात्रों का चयन किया जाएगा।

यह इंटर्नशिप न केवल पढ़ाई के साथ व्यावहारिक अनुभव देगी, बल्कि खेल के क्षेत्र में भविष्य की मजबूत नींव भी रखेगी। यह इंटर्नशिप खासतौर पर कॉलेज और यूनिवर्सिटी के छात्रों के लिए तैयार की गई है। चयनित इंटर्न्स को खेल प्रशासन, इवेंट मैनेजमेंट, स्पोर्ट्स साइंस, एंटी-डोपिंग, एथलीट सपोर्ट और सरकारी योजनाओं के क्रियान्वयन जैसे अहम क्षेत्रों में काम करने का मौका मिलेगा।
इंटर्नशिप के दौरान छात्रों को खेल मंत्रालय के साथ-साथ उसके प्रमुख संस्थानों में कार्य करने का अवसर दिया जाएगा। इनमें भारतीय खेल प्राधिकरण (SAI), राष्ट्रीय डोपिंग रोधी एजेंसी (NADA), राष्ट्रीय डोप परीक्षण प्रयोगशाला (NDTL), यहां इंटर्न्स को केवल ऑफिस वर्क ही नहीं, बल्कि स्टेडियम, क्षेत्रीय केंद्रों और राष्ट्रीय उत्कृष्टता केंद्रों में जाकर फील्ड लेवल ट्रेनिंग भी दी जाएगी।

इस कार्यक्रम की सबसे बड़ी खासियत यह है कि चयनित छात्र खेलो इंडिया, टारगेट ओलंपिक पोडियम स्कीम और टारगेट एशियन गेम्स ग्रुप जैसी राष्ट्रीय योजनाओं का हिस्सा बनेंगे। इंटर्न्स को इन योजनाओं के संचालन, निगरानी और समन्वय की प्रक्रिया को करीब से समझने का मौका मिलेगा। छात्र अनुभवी अधिकारियों और विशेषज्ञों के साथ काम करेंगे, जिससे वे नीति निर्माण से लेकर उसके जमीनी क्रियान्वयन तक की प्रक्रिया को समझ सकेंगे।

इंटर्नशिप के तहत छात्रों को 20 से अधिक डोमेन्स में काम करने का अवसर मिलेगा। इनमें खेल प्रबंधन, प्रशासन, स्पोर्ट्स साइंस, मीडिया और कम्युनिकेशन, आईटी सिस्टम, कानूनी कार्य, अंतरराष्ट्रीय खेल प्रशासन और एंटी-डोपिंग शामिल हैं। इसके साथ ही लैब टेस्टिंग, डेटा एनालिसिस और वैज्ञानिक एथलीट सपोर्ट से जुड़ा प्रशिक्षण भी दिया जाएगा।

NADA और NDTL में मिलेगा खास अनुभव
NADA में चयनित इंटर्न्स को एंटी-डोपिंग जागरूकता, नियमों और कानूनी मामलों पर काम करने का मौका मिलेगा, जिससे उन्हें निष्पक्ष खेल की अहमियत समझ आएगी। वहीं NDTL में इंटर्न्स को आधुनिक लैब तकनीक, सैंपल जांच और रिसर्च से जुड़ा व्यावहारिक अनुभव मिलेगा, जो विज्ञान और शोध में रुचि रखने वाले छात्रों के लिए बेहद उपयोगी है।
ऐसी होगी चयन प्रक्रिया
इस इंटर्नशिप के लिए चयन प्रक्रिया पूरी तरह ऑनलाइन होगी। भर्ती हर साल जनवरी और जुलाई में दो चरणों में की जाएगी। पहले चरण में पात्रता और दस्तावेजों की जांच, इसके बाद 10वीं, 12वीं और स्नातक के अंकों के आधार पर मेरिट लिस्ट और संबंधित संस्थान के नियमों के अनुसार अंतिम चयन होगा। कुल मिलाकर, यह इंटर्नशिप प्रोग्राम उन छात्रों के लिए बेहतरीन अवसर है, जो खेलों से जुड़ी सरकारी व्यवस्था को समझते हुए उसी क्षेत्र में अपना करियर बनाना चाहते हैं।


































