NEW DELHI NEWS. रूसी राष्ट्रपति व्लादिमीर पुतिन दो दिन भारत में रहेंगे। पुतिन अपने 7 मंत्रियों के साथ 4 दिसंबर की देर शाम नई दिल्ली पहुंचे। मोदी और पुतिन के बीच आज दो अहम बैठकें होने वाली हैं। इनमें से एक बैठक बंद कमरे में होगी। दोनों नेताओं की द्विपक्षीय मुलाकात के दौरान भारत और रूस के बीच 25 से ज्यादा समझौतों पर मुहर लगेगी। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने रूसी राष्ट्रपति पुतिन को डिनर के बाद रूसी भाषा में लिखी भगवद गीता पुस्तक भेंट दी है।

राष्ट्रपति पुतिन का आज सुबह 9 बजे राष्ट्रपति भवन में राजकीय स्वागत किया जाएगा। इसके बाद वे राजघाट जाकर महात्मा गांधी को श्रद्धांजलि देंगे। सुबह 11 बजे हैदराबाद हाउस में भारत-रूस की 23वीं सालाना समिट होगी। मोदी और पुतिन आज शाम बिजनेस फोरम को भी संबोधित करेंगे। रूसी राष्ट्रपति व्लादिमीर पुतिन अपनी भारत यात्रा के दौरान राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू से भी मुलाकात करेंगे। रात में राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू पुतिन के सम्मान में स्टेट डिनर देंगी।

इससे पहले कल शाम प्रधानमंत्री मोदी खुद पुतिन को एयरपोर्ट पर रिसीव करने पहुंचे। दोनों नेताओं ने एक दूसरे को गले लगाया। मोदी और पुतिन एक ही गाड़ी में बैठकर एयरपोर्ट से प्रधानमंत्री आवास पहुंचे। पुतिन अपनी लगभग 28 घंटे की यात्रा पूरी करने के बाद शुक्रवार शाम भारत से प्रस्थान करेंगे.

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और रूसी राष्ट्रपति व्लादिमीर पुतिन के बीच वार्षिक भारत-रूस शिखर वार्ता शुक्रवार, 5 दिसंबर को हैदराबाद हाउस में होगी। यहां दोनों नेता कई अहम मुद्दों और द्विपक्षीय साझेदारी को मज़बूत करने पर चर्चा करेंगे। इसी दिन शाम को पुतिन रूसी सरकारी प्रसारक RT टीवी के नए भारत चैनल का लॉन्च भी करेंगे।

भारत और रूस के बीच ‘स्पेशल एंड प्रिविलेज्ड स्ट्रैटेजिक पार्टनरशिप’ साझेदारी है। इसके तहत दोनों देश लंबे समय से एक-दूसरे से हथियार, तकनीक और रक्षा सहयोग करते आए हैं। इसी रिश्ते के तहत Su-57 और S-500 जैसे आधुनिक हथियारों पर बात आगे बढ़ाई जा सकती है। भारतीय एयरफोर्स इस समय फाइटर जेट्स की कमी झेल रही है और उसके पास पहले से ही 200 से ज्यादा रूसी फाइटर जेट हैं। ऐसे में नेक्स्ट जेनरेशन के रूसी लड़ाकू विमान को अपनाना उसके लिए आसान होगा।

































