RAIPUR NEWS. नक्सल पीड़ित परिवार संघ ने अपनी मांगों को लेकर विधानसभा अध्यक्ष डॉ रमन सिंह के बंगले के सामने आमरण अनशन करने की धमकी दी है। नक्सल पीड़ित परिवार ने प्रदेश सरकार से आर्थिक सहायता, प्रधानमंत्री आवास, नक्सलवाद पुनर्वास नीति योजना का लाभ देने और सरकारी नौकरी की मांग की है। परिवार के लोग इसको लेकर मुख्यमंत्री, गृह मंत्री और संबंधित अधिकारियों से मिल चुके है।

पिछले दिनों इन्होंने विधानसभा अध्यक्ष रमन सिंह के बंगले पहुंचकर उनसे भी मुलाकात कर अपनी मांगों से संबंधित ज्ञापन दिया था। विधानसभा अध्यक्ष ने संबंधित अधिकारियों से चर्चा कर उनकी मांगों को शीघ्र पूरा करने का आश्वासन दिया था। इसके बावजूद भी उनकी मांगों पर अब तक कोई निर्णय नहीं लिए जाने से नाराज नक्सल पीड़ित परिवार संघ के लोगों ने 5 जनवरी को विधानसभा अध्यक्ष के बंगले के सामने आमरण अनशन शुरू करने की धमकी दी है।

इस पर कांग्रेस के वरिष्ठ नेता प्रमोद दुबे ने कहा कि नक्सलवाद खत्म करने का दावा करने वाली भाजपा की ट्रिपल इंजन सरकार को नक्सल पीड़ित परिवार को नक्सली पुनर्वास नीति का लाभ देने में क्या समस्या है। वहीं इस पर रायपुर दक्षिण से भाजपा विधायक सुनील सोनी ने कहा कि नक्सल पीड़ित परिवारों के पुनर्वास के लिए हमने नीति बनाई है। उसे नीति के तहत नक्सल पीड़ित परिवारों को सुविधा दी जा रही है।

कुछ एक प्रकरणों पर तकनीकी खामियां होने की वजह से इसका लाभ नहीं मिल पा रहा है। इस मुद्दे को लेकर धरना देने की बजाय संबंधित अफसर से चर्चा कर इसका समाधान निकालना चाहिए।





































