RAIPUR NEWS. उद्योग और जनआंदोलन के टकराव से उपजे हालात ने रायगढ़ जिले के तमनार को शनिवार को हिंसा की आग में झोंक दिया। पुलिस और ग्रामीणों के बीच हुई इस झड़प को लेकर अब राज्य सरकार ने गंभीर रुख अपनाया है और पूरे घटनाक्रम की जांच कराने का फैसला किया है। रायगढ़ जिले के तमनार क्षेत्र में पुलिस और ग्रामीणों के बीच हुई हिंसक झड़प की जांच होगी। बता दें कि घटना के बाद पुलिस ने 30 से 35 लोगों को गिरफ्तार किया है।

मुख्यमंत्री विष्णु देव साय ने स्पष्ट किया है कि जांच में जो भी दोषी पाया जाएगा, उसके खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी। यह बयान उस घटना के बाद आया है, जिसमें पुलिसकर्मी और ग्रामीण आमने-सामने आ गए थे। शनिवार को जिंदल कंपनी की कोयला खदान परियोजना के विरोध में 14 गांवों के ग्रामीण आंदोलन कर रहे थे। इस दौरान प्रदर्शनकारियों ने पुलिसकर्मियों के साथ मारपीट की और एक बस समेत दो वाहनों को आग के हवाले कर दिया। हिंसा में महिला टीआई कमला पुसाम समेत कई पुलिसकर्मी घायल हो गए।

दरअसल, ग्रामीण जिंदल कंपनी के गारे पेलमा कोल ब्लॉक की हाल ही में हुई जनसुनवाई को फर्जी बताते हुए विरोध कर रहे थे। तमनार क्षेत्र के 14 गांवों के लोग लिबरा के सीएचपी चौक पर कंपनी के गेट के सामने शांतिपूर्ण धरना दे रहे थे, जिससे कंपनी में भारी वाहनों का परिचालन पूरी तरह ठप हो गया था। शनिवार को पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंची और ग्रामीणों को समझाइश देकर धरना समाप्त करने को कहा। इस दौरान कुछ प्रदर्शनकारियों को हिरासत में भी लिया गया, जिससे हालात और तनावपूर्ण हो गए।

बताया जा रहा है कि धरना हटने के बाद जब भारी वाहनों का परिचालन दोबारा शुरू हुआ, तभी खुरूषलेंगा गांव के पास एक भारी वाहन की टक्कर से साइकिल सवार ग्रामीण घायल हो गया। इसी घटना के बाद ग्रामीणों का आक्रोश फूट पड़ा और माहौल हिंसक हो गया। घटना की सूचना मिलते ही तमनार थाना प्रभारी कमला पुसाम पुलिस टीम के साथ मौके पर पहुंचीं। आरोप है कि वहां मौजूद ग्रामीणों ने लाठी-डंडों और लात-घूंसे से उनकी पिटाई कर दी और पुलिस पर पथराव भी किया गया था।

जांच के बाद होगी कार्रवाई
मुख्यमंत्री के निर्देश के बाद अब इस पूरे घटनाक्रम की विस्तृत जांच की जाएगी। सरकार का कहना है कि कानून व्यवस्था से खिलवाड़ करने वालों को किसी भी सूरत में बख्शा नहीं जाएगा, वहीं घटना के कारणों और परिस्थितियों की भी गहन पड़ताल होगी।




































