BASTI NEWS. उत्तर प्रदेश के बस्ती जिले से एक सनसनीखेज मामला सामने आया है। शादी के महज सात दिन बाद एक व्यक्ति की हत्या कर दी गई। यह घटना परसरामपुर थाना क्षेत्र के बेदीपुर गांव की है, जिसमें अनीस नामक युवक को गोली मार दी गई।
इलाज के दौरान उसकी मौत हो गई। पुलिस ने जांच के दौरान चौंकाने वाले तथ्य उजागर किए हैं कि हत्या की साजिश उसकी पत्नी रुखसाना और उसके प्रेमी ने मिलकर रची थी। अनीस की शादी गोंडा जनपद की रहने वाली रुखसाना से इस महीने 13 तारीख को हुई थी।

4 साल से चल रहा था अफेयर
शादी के बाद हाल ही में रुखसाना अपने मायके गई जहां उसकी मुलाकात बस्ती जिले के गौर थाना क्षेत्र के निवासी रिंकू से हुई। उसके साथ रुखसाना का तीन से चार सालों से प्रेम संबंध था। परिवार की मर्जी के खिलाफ रुखसाना ने अनीस से शादी की, लेकिन वह पति से असंतुष्ट थी।
प्रेमी के साथ बनाई हत्या की योजना
इसके बाद उसने अपने प्रेमी रिंकू के साथ मिलकर अनीस की हत्या की योजना बनाई। हत्या की रात रिंकू अपने साथी शिव के साथ रुखसाना के ससुराल गया। दोनों ने अनीस को रास्ता पूछने के बहाने बाहर बुलाया और वहां दोनों आरोपियों ने अनीस पर ताबड़तोड़ फायरिंग कर दी।

13 नवंबर को हुआ था निकाह
गंभीर हालत में अनीस को अयोध्या के जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया। मगर, इलाज के दौरान उसकी मृत्यु हो गई। अनीस मुंबई में क्रेन ऑपरेटर था और शादी के लिए 10 नवंबर को मुंबई से घर आया था। 13 नवंबर को उसका धूमधाम से निकाह किया गया। हालांकि, रुखसाना ने सभी आरोपों को खारिज किया है।

तीनों आरोपियों को भेजा जेल
एसपी अभिनंदन ने घटना के बाद सर्विलांस और फॉरेंसिक टीम की मदद से मामले का खुलासा किया गया। इसके बाद तीनों आरोपियों को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया गया है। उन्होंने बताया कि रुखसाना और रिंकू के बीच लंबे समय से प्रेम प्रसंग चल रहा था।

मगर, परिवार के लोग रिंकू से शादी करवाने के लिए तैयार नहीं थे। रुखसाना की शादी उसकी मर्जी के खिलाफ करवाई गई थी। इस बात से रुखसाना नाराज थी और वह रिंकू के साथ रहना चाहती थी। लिहाजा, उसने प्रेमी के साथ मिलकर हत्या की यह योजना बनाई।





































