NARSINGPUR NEWS. नरसिंहपुर के ओसवाल परिवार की बेटी अनामिका ओसवाल अपने पति दिनेश कांकरिया, डॉक्टर बेटी हर्षिता और चार्टर्ड अकाउंटेंट पढ़ाई कर रहे बेटे विधान के साथ सांसारिक जीवन को त्यागकर संन्यास का मार्ग अपनाने जा रही हैं। आचार्य जिन पीयूष सागर के मार्गदर्शन में पूरा परिवार 9 नवंबर को जैन दीक्षा ग्रहण करेगा।
अनामिका की शादी महाराष्ट्र के धूलिया के दिनेश कांकरिया से हुई थी। इस परिवार के इस त्यागपूर्ण फैसले को समाज एक प्रेरणा स्रोत के रूप में देख रहा है। लगभग 5 करोड़ रुपये से अधिक की चल-अचल संपत्ति को छोड़कर यह परिवार आत्मसाधना के लिए पूरी तरह समर्पित हो रहा है।

दूसरों के लिए मिसाल बना परिवार
यह परिवार आध्यात्मिकता के पथ पर आगे बढ़ते हुए दूसरों के लिए मिसाल बन गया है। साल 2022 में भी इस परिवार की एक बेटी ने दीक्षा लेकर साध्वी शाश्वत निधि के रूप में सन्यास ग्रहण किया था और आत्मसाधना में लीन है। अनामिका ओसवाल के संन्यास की यह यात्रा उनके लिए और परिवार के लिए भी एक गहरा बदलाव होगी।

भौतिक सुख-सुविधाओं का करेंगे त्याग
भौतिक सुख-सुविधाओं को पीछे छोड़कर यह परिवार आध्यात्मिक उन्नति की दिशा में आगे बढ़ने का फैसला कर चुका है। यह कदम न केवल उनके लिए आत्मिक शांति का मार्ग प्रशस्त करेगा, बल्कि समाज में भी सकारात्मक प्रभाव डालेगा।आचार्य जिन पीयूष सागर के सान्निध्य में हो रही यह दीक्षा अनामिका और उनके परिवार के लिए नई शुरुआत होगी, जो जैन धर्म के सिद्धांतों का पालन करते हुए संसार के मोह-माया से ऊपर उठने का प्रतीक है।

9 नवंबर को होगा भव्य समारोह
सकल जैन श्वेतांबर संघ इस दीक्षार्थी परिवार के अभिनंदन में 9 नवंबर को भव्य समारोह कर रहा है। अभिनंदन समारोह श्री मुनिसुब्रत स्वामी जैन श्वेतांबर मंदिर, गुदरी बाजार में सुबह 10.30 बजे से होगा। इससे पूर्व, दीक्षार्थी परिवार की बरघोड़ा यानी शोभा यात्रा निकाली जाएगी।

परिवार के एडवोकेट ने दी जानकारी
परिवार के एडवोकेट अखिलेश ओसवाल ने इस ऐतिहासिक दीक्षा के संबंध में जानकारी दी। इस अवसर पर विनम्र सागर, पुण्यवर्धन, गुणवर्धन महाराज के पावन सान्निध्य में कार्यक्रम संपन्न होगा। इस घटना को लेकर क्षेत्र में उत्साह और श्रद्धा की भावना व्याप्त है।





































